Khunti : झारखंड के खूंटी जिले में आज महान स्वतंत्रता सेनानी और उलगुलान के नायक भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर राज्यपाल संतोष गंगवार, CM हेमंत सोरेन और केंद्रीय जनजातीय मंत्री जुएल उरांव ने आदिवासी जननायक के जन्मस्थली उलीहातू पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
गंगवार और CM ने बिरसा मुंडा की प्रतिमा के समक्ष आदिवासी परंपरा के अनुसार पूजा अर्चना कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर जन्मस्थली के जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण कार्य का भी शिलान्यास किया गया।

जन्मस्थली के मुख्य द्वार को पारंपरिक आदिवासी डिज़ाइन में पुनर्निर्मित किया जाएगा, ताकि आगंतुकों को प्रवेश के साथ ही आदिवासी संस्कृति का अनुभव हो। पूरे परिसर को बिरसा मुंडा की जीवनशैली, परंपराओं और आदिवासी संस्कृति के अनुरूप सजाया जाएगा। परिसर में बिरसा ओड़ा में भगवान बिरसा की प्रतिमा स्थापित की गई है।

भारत सरकार के जनजातीय मंत्रालय ने भगवान बिरसा मुंडा टूरिस्ट सर्किट के निर्माण के लिए 40 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। योजना के तहत बिरसा से जुड़े छह गांवों को जोड़कर इस क्षेत्र को पर्यटन और सांस्कृतिक दृष्टि से विकसित किया जाएगा। नए साल में इस परियोजना में कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
Also Read : झारखंड स्थापना दिवस पर लोहरदगा में विकास मेला, 117 करोड़ की योजनाओं का शुभारंभ

