Jamshedpur : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में मंगलवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। झारखंड में बढ़ते ठंड के बीच ग्रामीण इलाकों में लोगों ने शुरुआत से ही मतदान केंद्रों का रुख किया, जबकि शहरी बूथों पर शुरुआती घंटे में वोटरों की संख्या कम रही। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार सुबह 9 बजे तक 17.33% मतदान दर्ज किया गया। तापमान में गिरावट के कारण पहले दो घंटों में वोटिंग की रफ्तार सुस्त रही, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ा, मतदाताओं के आने का सिलसिला तेज होने लगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में उमड़ा जनसैलाब, शहरी इलाकों में रफ्तार धीमी
गालूडीह के महुलिया उच्च विद्यालय में सुबह सात बजे से ही लोग मतदान के लिए पहुंचने लगे। वहीं मुसाबनी प्रखंड के संत जोसेफ कॉन्वेंट हाई स्कूल में शुरुआती घंटों में कुछ ही लोग दिखे। ग्रामीण इलाकों में सुबह की धूप निकलते ही मतदाताओं की भीड़ बढ़ती गई। कई बूथों पर लंबी कतारें देखी गईं, जबकि कुछ शहरी क्षेत्रों में अब भी मतदान की रफ्तार धीमी बनी हुई है।
प्रशासन ने दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं के लिए बूथों पर विशेष व्यवस्था की है। व्हीलचेयर से लेकर सहायता डेस्क तक की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी को असुविधा न हो। सहायता कर्मी लगातार बूथों पर सक्रिय हैं और जरूरतमंदों को सहयोग दे रहे हैं। पहली बार वोट डालने वाले युवा मतदाताओं में भी उत्साह देखने को मिल रहा है। कई युवाओं ने सुबह ही मतदान कर लोकतंत्र के इस उत्सव में भागीदारी निभाई।

महिला मतदाताओं की भागीदारी बढ़ी
बूथों पर केवल पुरुष ही नहीं, बल्कि बड़ी संख्या में महिलाएं भी मतदान के लिए पहुंच रही हैं। कई इलाकों में महिला वोटरों की कतारें पुरुषों से लंबी देखी गईं। महिलाओं में मतदान को लेकर काफी उत्साह नजर आ रहा है। प्रशासन का मानना है कि दिन के दौरान महिलाओं की भागीदारी और बढ़ेगी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से समय पर मतदान शुरू करा दिया गया है। पूरे उपचुनाव पर वेबकास्टिंग के माध्यम से सख्त निगरानी रखी जा रही है। सीईओ, डीईओ तथा भारत निर्वाचन आयोग लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। अब तक मतदान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से जारी है।
Also Read : दिल्ली ब्लास्ट अपडेट : ब्लास्ट से पहले का CCTV फुटेज आया सामने, संदिग्ध व्यक्ति आतंकी उमर होने की आशंका

