Bokaro : बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ। ब्लास्ट फर्नेस-04 क्षेत्र में काम कर रहे ठेका मजदूर देवाशीष राय (45) का हाथ मशीन में फंस गया, जिससे उनकी कलाई से दाहिना हाथ कट गया और बायां हाथ भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, देवाशीष राय मिट्टी डालने का काम कर रहे थे, तभी अचानक मशीन चालू हो गई और उनका हाथ फंस गया। मौके पर मौजूद सहकर्मियों ने तुरंत मशीन बंद की और उन्हें बाहर निकालकर बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए कोलकाता के अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया।
देवाशीष राय एचएन रिफ्रैक्टरी वर्क्स के अनुबंध पर काम करने वाले मजदूर हैं। घटना के बाद मजदूरों में आक्रोश और भय का माहौल है। श्रमिक संगठनों ने सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रबंधन से जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।

इस बीच, बीएसएल प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। फिलहाल घायल मजदूर की हालत नाजुक बताई जा रही है।
Also Read : IND vs SA टेस्ट में बदलेगा खेल का शेड्यूल, टी ब्रेक और लंच ब्रेक की टाइमिंग होगी अलग

