Johar Live Desk : आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने ग्रामीण कार्य विभाग के अभियंता विनोद कुमार राय के खिलाफ भ्रष्टाचार के एक मामले में चार्जशीट दाखिल कर दी है। यह मामला BNS 2023 और RBI Act 1934 की धाराओं के तहत दर्ज किया गया था।
इस केस में अभियंता की पत्नी बबली राय को भी मुख्य आरोपी बनाया गया है। वह फिलहाल फरार हैं, और अब EOU उनके खिलाफ कुर्की और इश्तिहार जारी करने की तैयारी कर रही है।
EOU ने विनोद कुमार राय के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का एक अलग मामला भी दर्ज किया है। यह प्राथमिकी 10 सितंबर 2025 को दर्ज हुई थी और इसकी जांच जारी है।
गौरतलब है कि 22 अगस्त 2025 को EOU की टीम ने अभियंता राय को पटना के अगमकुआं इलाके से गिरफ्तार किया था। उस समय उनकी मधुबनी स्थित आवासीय परिसर में छापेमारी के दौरान 40 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर, कई लग्जरी घड़ियाँ और करोड़ों रुपये की संपत्ति के दस्तावेज बरामद किए गए थे।
छापेमारी के दौरान अभियंता की पत्नी ने टीम को कई घंटे तक घर में घुसने से रोका। रात डेढ़ बजे से सुबह 5 बजे तक टीम बाहर इंतजार करती रही। इस बीच, बबली राय ने कथित तौर पर बाथरूम में लाखों रुपये के नोट जलाकर उन्हें शौचालय में बहा दिया। बाद में उन्होंने 40 लाख रुपये नकदी को पानी की टंकी में छिपा दिया, जिसे टीम ने बरामद कर लिया।
सुबह नगर निगम की टीम की मदद से शौचालय से जले हुए नोट भी निकाले गए और उनकी जांच के लिए FSL टीम को बुलाया गया।
Also Read : राष्ट्रीय एकता दिवस पर गुजरात दौरे पर पीएम मोदी, कई विकास परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ


