रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर में 9 जुलाई को हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष एसआईटी ने CCTV फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर वारदात में शामिल अंतरराज्यीय चोर गिरोह की पहचान की है.
पुलिस के अनुसार, मामले में कुख्यात अंतरराज्यीय चोर इरफान उर्फ उजाले उर्फ बाबा उर्फ आर्यन, अफरोज उर्फ समीर उर्फ समीम और नवीन शर्मा की संलिप्तता सामने आई है. मुख्य आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
जगुआर कार, सोने के मंगलसूत्र, डायमंड समेत 17 लाख रुपये से अधिक नगद बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कोलकाता से चोरी में इस्तेमाल की गई ब्लू रंग की जगुआर कार, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर UP78EM0101 है, बरामद की है. इसके अलावा 17 लाख 36 हजार 200 रुपये नकद, एक सोने का मंगलसूत्र, एक डायमंड और तीन सोने की अंगूठियां भी बरामद की गई हैं.
पुलिस ने मुख्य आरोपी इरफान और अफरोज की पत्नियों को भी गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार महिलाओं की पहचान गुलशन प्रवीण और शकीला उर्फ लाडली के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, दोनों के घर से चोरी के कुछ आभूषण और नकदी बरामद हुई है.
कई राज्यों में दे चुके हैं घटना को अंजाम
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मो. इरफान कानपुर, आगरा, दिल्ली, गाजियाबाद, गोवा, बेंगलुरु, सूरत, हैदराबाद, छत्तीसगढ़, पुणे, केरल, सीतामढ़ी और जालंधर समेत कई राज्यों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है. पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ अलग-अलग राज्यों में करीब 80 मामले दर्ज हैं.
फरार मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है.
Also read : बड़गाईं जमीन घोटाला: हेमंत सोरेन समेत तीन पर आरोप तय नहीं, 15 अन्य पर आरोप तय

