भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के दो चेहरे हैं. दिल्ली में कुछ और झारखंड में कुछ और करती है. उन्होंने झारखंड में पिछले छह वर्षों के दौरान हुई विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मामलों की सीबीआई जांच कराने की मांग की.
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल, उत्पाद सिपाही भर्ती और शिक्षक नियुक्ति समेत कई परीक्षाओं में अनियमितता के आरोप सामने आए हैं. उन्होंने कहा कि जेपीएससी मामले की सीआईडी जांच के बजाय सीबीआई से जांच कराई जानी चाहिए. भाजपा की मांग है कि जेपीएससी के तत्कालीन अध्यक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो.
जांच के नाम पर हो रहा खानापूर्ति
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जेपीएससी मामले में भी शराब घोटाले की तरह जांच के नाम पर खानापूर्ति कर रही है. उन्होंने कहा कि झारखंड में पेपर लीक से जुड़े सभी मामलों की सीबीआई जांच होनी चाहिए. कांग्रेस में थोड़ी भी नैतिकता है तो उसे सीबीआई जांच की मांग का समर्थन करना चाहिए.
आदित्य साहू ने कांग्रेस पर राष्ट्र विरोधी ताकतों के साथ मिलकर देश को कमजोर करने का आरोप लगाया. उन्होंने सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि कांग्रेस देश को अखंड रखने की मंशा नहीं रखती.
कांग्रेस घेराव में भाजपा के कई कार्यकर्ता घायल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आज भाजपा कार्यालय के घेराव के दौरान हुई घटना को लेकर भी कांग्रेस पर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पत्थर, अंडे और टमाटर फेंके, जिसमें भाजपा के कई कार्यकर्ता घायल हुए. उन्होंने पुलिस पर भी एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
उन्होंने कहा कि इस घटना में संजय चौधरी, संजीत सिंह, सौरभ कश्यप, आलोक पीतांबर, सन्नी टोप्पो, सुनील साहू, अमन जायसवाल, सुशील दुबे, अमिताभ धीरज, नितिन राणा, रोमित नारायण सिंह, पीयूष विजयवर्गीय, पवन सिंह, ओम प्रकाश सिंह, राफिया नाज, जॉनी वाकर खान और महावीर सिंह समेत सैकड़ों कार्यकर्ता घायल हुए हैं.
आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस के खिलाफ कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराएंगे. उन्होंने सरकार से पूरे मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की. प्रेसवार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा, शोभा यादव, संजय चौधरी और संजीत सिंह भी मौजूद रहे.

