Jamshedpur : सोनारी-कदमा लिंक रोड पर शनिवार सुबह एक पुलिस वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे टहल रहे लोगों और खड़ी गाड़ियों से जा टकराया। हादसे में एक महिला घायल हो गई, जबकि कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। घटना सुबह लगभग छह बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शी संगीता कुमारी ने बताया कि लोग रोज की तरह फुटपाथ पर टहल रहे थे, तभी तेज रफ्तार पुलिस की कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और फुटपाथ पर चढ़ गई। इसके कारण एक महिला गिरकर घायल हो गई।
घायल महिला को मौके से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया। घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और सड़क पर हंगामा किया। लोगों ने वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर कदमा थाना की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के समय इस मार्ग पर लोग टहलने और योग करने आते हैं, ऐसे में तेज रफ्तार वाहन गंभीर हादसों का कारण बन सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से स्पीड ब्रेकर लगाने और यातायात नियंत्रण के उपाय करने की मांग की है। वहीं, दुर्घटना में क्षतिग्रस्त वाहनों के मालिकों ने मुआवजे की भी मांग की। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है।
Also Read : छठ महापर्व की शुरुआत आज से, गंगा घाटों से लेकर पटना जू तक तैयारियां पूरी

