Johar Live Desk : छठ महापर्व के मौके पर बिहार के प्रवासी, जो हरियाणा में रहते हैं, अपने घर लौटने को बेताब हैं। उनकी यात्रा को आसान बनाने के लिए हरियाणा सरकार ने बिहार सरकार के अनुरोध पर विशेष AC बस सेवा शुरू की है। ये बसें बिहार के पूर्णिया, मधुबनी, बेगूसराय, पटना और गया जैसे प्रमुख शहरों को जोड़ेंगी।
हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने बताया कि बिहार से आए पत्र के बाद यह फैसला लिया गया। हरियाणा में काम करने वाले बिहारवासी छठ पूजा के लिए बड़ी संख्या में अपने घर लौटते हैं। उनकी यात्रा को आरामदायक और सुरक्षित बनाने के लिए AC बसें चलाई जा रही हैं। विज ने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि श्रद्धालु समय पर और सुखद सफर के साथ अपने परिवार से मिल सकें।” यह सेवा बिहार राज्य सड़क परिवहन निगम (BSRTC) और निजी ऑपरेटरों के सहयोग से PPP मॉडल पर चल रही है। इसमें 14 बसें बारी-बारी से संचालित होंगी।
बस सेवा की अवधि और बुकिंग
ये विशेष बसें 30 नवंबर तक चलेंगी। यात्रियों को ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा मिलेगी, जिसके लिए वे BSRTC की वेबसाइट या ऐप का उपयोग कर सकते हैं। टिकट की कीमतें किफायती रखी गई हैं ताकि हर वर्ग के लोग आसानी से यात्रा कर सकें।

रूट और समय
- अंबाला : पूर्णिया के लिए दो बसें (शाम 4:00 बजे और 4:30 बजे), मधुबनी के लिए एक बस (शाम 5:00 बजे)।
- पानीपत : मधुबनी के लिए तीन बसें (दोपहर 12:00 बजे, 3:00 बजे और शाम 5:00 बजे)।
- गुरुग्राम (राजीव चौक) : बेगूसराय के लिए शाम 5:00 बजे, पटना के लिए शाम 6:00 बजे और गया के लिए शाम 7:00 बजे।
ये बसें AC सुविधा से लैस हैं और यात्रा के दौरान पानी, स्नैक्स और सुरक्षा का पूरा इंतजाम किया गया है।
प्रवासियों के लिए वरदान
बिहार के सहरसा, पूर्णिया और मधुबनी जैसे इलाकों के लोग हरियाणा के अंबाला, पानीपत और गुरुग्राम में मजदूरी या नौकरी करते हैं। यह बस सेवा उनके लिए वरदान साबित होगी। मंत्री विज ने कहा कि हरियाणा सरकार श्रमिकों, व्यापारियों और छात्रों की जरूरतों को समझती है और उनके हित में काम कर रही है।
Also Read : बिहार चुनाव 2025 : बीजेपी के शीर्ष नेता उतरे मैदान में, नड्डा, मोदी और शाह करेंगे ताबड़तोड़ रैलियां