Patna : प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज आज सोमवार सुबह 11:30 बजे विधानसभा चुनाव के लिए दूसरी सूची जारी करेगी। इस लिस्ट में 100 से ज्यादा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम शामिल होंगे।
रविवार को मीडिया से बात करते हुए पीके ने बताया कि दूसरी लिस्ट का क्राइटेरिया वही रहेगा, जो पहली लिस्ट में अपनाया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों को टिकट नहीं मिलेगा, पार्टी उनके लिए अलग व्यवस्था करेगी।
रविवार दोपहर 2 बजे जनसुराज की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हुई, जिसमें दूसरी सूची को अंतिम रूप दिया गया। इससे पहले 9 अक्टूबर को पहली लिस्ट में 51 उम्मीदवारों के नाम जारी किए गए थे।

पहली सूची में कई चर्चित नाम शामिल थे
- समस्तीपुर की मोरवा सीट से कर्पूरी ठाकुर की पोती जागृति ठाकुर
- अस्थावां से पूर्व केंद्रीय मंत्री RCP सिंह की बेटी लता सिंह
- गोपालगंज से प्रीति किन्नर
- पटना के कुम्हरार से गणितज्ञ केसी सिन्हा
- सारण के मांझी से पटना हाईकोर्ट के वकील वाई वी गिरी
जातीय संतुलन की बात करें तो जनसुराज ने अब तक जिन 51 उम्मीदवारों को टिकट दिया है, उनमें से
- 17 उम्मीदवार EBC (अत्यंत पिछड़ा वर्ग) से
- 7 SC/ST
- 11 OBC
- 9 अल्पसंख्यक
- और 7 सामान्य वर्ग से हैं।
पार्टी के अध्यक्ष उदय सिंह ने कहा है कि हर दिन लिस्ट जारी की जाएगी। वहीं प्रशांत किशोर 11 अक्टूबर को राघोपुर से अपना चुनाव अभियान शुरू कर चुके हैं।