Palamu : पलामू जिले में बीती देर रात एक बुजुर्ग की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त 65 वर्षीय निजामुद्दीन अंसारी के तौर पर की गई है। पुलिस ने हत्या के संदिग्ध के रूप में मृतक के बड़े बेटे अनीश अंसारी (40) और उसकी पत्नी को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। मृतक का पोता फरार बताया जा रहा है। घटना को लंबे समय से चल रहे पारिवारिक और जमीन विवाद से जोड़ा जा रहा है। यह मामला चैनपुर थाना क्षेत्र के कुदागा कला गांव से सामने आया है।
शौचालय में खून से लथपथ मिला शव
ग्रामीणों के अनुसार, रात करीब 9 बजे मृतक का शव उनके घर के पीछे बने बंद पड़े शौचालय में खून से लथपथ मिला। उनका गला रेत दिया गया था। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। सूचना मिलते ही चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। बताया जाता है कि शौचालय मृतक के बड़े बेटे के घर से सटा हुआ है और कई सालों से उपयोग में नहीं आ रहा था।
पोता फरार, नशे का आदी बताया जा रहा
हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक के बड़े बेटे और बहू को हिरासत में लिया है, लेकिन उनका पोता फरार हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पोता नशे का आदी था और शनिवार शाम उसे गांव में देखा गया था। हालांकि, उसकी बहन का दावा है कि वह तीन दिन पहले गढ़वा काम करने चला गया था। पुलिस पोते की तलाश में जुटी हुई है। इधर, मृतक का छोटा बेटा घटना के दिन ससुराल गया हुआ था, इसलिए घर पर निजामुद्दीन अकेले थे।

लंबे समय से चल रहा था विवाद
ग्रामीणों ने बताया कि निजामुद्दीन अंसारी और उनके बड़े बेटे अनीश के बीच पारिवारिक और जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। यह मामला पहले भी थाने और कोर्ट तक पहुंच चुका था, लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि अनीश ने कई बार अपने पिता को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच तेज कर दी गई है।
Also Read : दीपावली 2025 : धनतेरस से लेकर भाई दूज तक, पांच दिन क्या-क्या… जानें