Latehar : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को नेतरहाट आवासीय विद्यालय का दौरा किया और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में स्थित पुस्तकालय, प्रयोगशालाएं, और अन्य शैक्षणिक विभागों का अवलोकन कर विद्यार्थियों को उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली।
विद्यालय के प्राचार्य ने राज्यपाल को संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुशासन, शिक्षण पद्धति, और विद्यार्थियों के समग्र विकास हेतु किए जा रहे नवाचारों से अवगत कराया। राज्यपाल ने विद्यालय के अनुशासित वातावरण, सुदृढ़ शैक्षणिक परंपरा और प्राकृतिक सौंदर्य से युक्त परिसर की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
राज्यपाल गंगवार ने कहा, “नेतरहाट विद्यालय न केवल झारखंड, बल्कि पूरे देश की शैक्षणिक गरिमा का प्रतीक है। यहां से शिक्षा प्राप्त कर चुके छात्रों ने देश-विदेश में राज्य और संस्थान का नाम रोशन किया है।” उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह संस्थान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की अपनी गौरवशाली परंपरा को भविष्य में भी बनाए रखेगा।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और नाशपाती बागान का भी दौरा
निरीक्षण के बाद राज्यपाल ने नेतरहाट स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी अवलोकन किया। उन्होंने वहां स्वास्थ्य सेवाओं, उपलब्ध दवाओं, और स्थानीय निवासियों को मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने लगभग 100 एकड़ में फैले नाशपाती बागान का भी भ्रमण किया। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि यहां ‘नट’ किस्म की नाशपाती उगाई जाती है, जो उत्कृष्ट स्वाद और गुणवत्ता के लिए प्रसिद्ध है।
राज्यपाल की यह यात्रा शैक्षणिक व ग्रामीण विकास से जुड़ी गतिविधियों की समीक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Also Read : झारखंड के 9 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी
Also Read : Aaj Ka Rashifal, 23 JUNE 2025 : जानें किस राशि का क्या है आज राशिफल
Also Read : राष्ट्रीय गतका मार्शल आर्ट में श्रेया ने जीता रजत एवं कांस्य पदक, बढाया जिले का मान
Also Read : सिमडेगा DC कंचन सिंह का दिखा मानवीय चेहरा, बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कर मुंह जुठी की
Also Read : नेशनल स्केटिंग चैंपियनशिप में झारखंड का जलवा, रुद्रांश और आदित्य ने जीते स्वर्ण पदक