रांची: सोमवार सुबह रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने समाहरणालय परिसर में सफाई और रखरखाव की स्थिति का निरीक्षण किया. इस दौरान साफ-सफाई के लिए प्रतिनियुक्त नोडल अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे. उपायुक्त ने शौचालयों की स्वच्छता, समाहरणालय परिसर के सौंदर्यीकरण और पेयजल क्षेत्र की सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने समाहरणालय परिसर की अग्निशमन एवं ड्रेनेज व्यवस्था को दुरुस्त करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया. इसके साथ ही उन्होंने समाहरणालय में सौर ऊर्जा प्रणाली की स्थिति का जायजा लिया और इसके विषय में जानकारी ली. साथ ही, उपायुक्त ने प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में अधिकारियों की उपस्थिति की जानकारी गूगल लोकेशन के माध्यम से ली. इसके बाद, समाहरणालय के कार्यालय प्रकोष्ठ में बैठक आयोजित की, जिसमें सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों के आई-कार्ड्स, उनकी उपस्थिति और जन शिकायत कोषांग के कार्यों की जानकारी ली गई. इस निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में निर्देशित किया.
DC ने समाहरणालय परिसर का निरीक्षण किया, व्यवस्था और उपस्थिति पर दिए महत्वपूर्ण निर्देश

