Dhanbad : डुमरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक जयराम महतो ने शुक्रवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर युवाओं से उनके विचारों और सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश के विकास और एकता के लिए युवाओं को सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए।
जयराम महतो ने कहा कि सरदार पटेल ने देश को एकता और अखंडता की मजबूत डोर में बांधने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने स्वतंत्र भारत के निर्माण में जो योगदान दिया, उसे देश कभी नहीं भूल सकता। विधायक ने कहा कि आज के युवाओं को राष्ट्रहित में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देना चाहिए, यही सरदार पटेल के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के दौरान विधायक महतो ने पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन पर एकतरफा कार्रवाई करने और धनबाद प्रशासन पर माफियाओं का सहयोग करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि घाटशिला उपचुनाव में प्रशासन पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रहा है, जबकि धनबाद में स्थानीय प्रशासन माफियाओं की मदद कर रहा है।

इस अवसर पर धनबाद शहर में अखिल भारतीय पटेल सेवा संघ की ओर से सरदार पटेल की 150वीं जयंती मनाई गई। कार्यक्रम में विधायक जयराम महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने सरदार पटेल की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। समारोह में प्रमुख उद्योगपति और समाजसेवी एसके सिन्हा सहित संघ के कई सदस्य मौजूद रहे।
Alos Read : कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने फिर उठाई RSS पर प्रतिबंध लगाने की मांग

 

