Hazaribagh : हजारीबाग जिले के दारू प्रखंड अंतर्गत इरगा पंचायत के छोटका इरगा गांव में रामनवमी जुलूस के दौरान हुए हमले में घायल गुलाम साव की इलाज के दौरान रांची में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह दारू मुख्य चौक स्थित NH-522 को जाम कर दिया, जिससे करीब छह घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।
जुलूस के दौरान हुआ था हमला
जानकारी के अनुसार, रामनवमी जुलूस के दौरान गुलाम साव पर चाकू से हमला किया गया था। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आकाश कुमार, विशाल कुमार और एक नाबालिग सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
छह घंटे तक जाम, लंबी कतार में फंसे वाहन
मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण उग्र हो गए और NH-522 को जाम कर दिया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कोलकाता सहित अन्य शहरों से आने-जाने वाले वाहन घंटों फंसे रहे। जाम के कारण आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय बाजार भी पूरी तरह बंद रहा।
प्रशासन ने किया समझाने का प्रयास
जाम की सूचना मिलने पर दारू के प्रखंड विकास पदाधिकारी हारून रशीद और अंचल अधिकारी राम बालक कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। परिजनों ने प्रशासन के सामने कई मांगें रखीं, जिनमें आरोपियों को फांसी की सजा, मृतक की पत्नी को उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और सुरक्षा व्यवस्था शामिल थी।
आश्वासन के बाद खत्म हुआ जाम
प्रशासन की ओर से सभी मांगों पर सकारात्मक पहल और हरसंभव मदद का भरोसा दिए जाने के बाद परिजन शांत हुए और जाम समाप्त कर दिया गया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य होने लगा। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है। हालात को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Also Read : महिला वकील से मारपीट मामले में अधिवक्ता महेश तिवारी दोषी करार, लाइसेंस निलंबित


