Chaibasa : चाईबासा के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में बीती रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक 24 वर्षीय युवती शिल्पी मोदक पर अज्ञात युवक ने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना कल्याणपुर स्थित आनंद मार्ग स्कूल के सामने वाली गली में हुई। जानकारी के अनुसार, शिल्पी मोदक न्यू कॉलोनी नीमडीह में संतोषी मंदिर के पास रहती हैं। वह रोज की तरह बुधवार रात छोटे बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान पहले से घात लगाए एक युवक ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
सात से आठ बार किया चाकू से वार
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, हमलावर ने सफेद शर्ट और जींस पहन रखी थी। आरोपी ने शिल्पी पर ताबड़तोड़ सात से आठ बार चाकू से वार किया। अचानक हुए इस हमले में शिल्पी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल शिल्पी को उठाकर सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। लेकिन युवती की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें जमशेदपुर रेफर कर दिया।
पुलिस ने मौके से बरामद किया चाकू
घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से चाकू बरामद किया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
परिजनों में रोष, इलाके में दहशत
परिजनों ने बताया कि शिल्पी रोजाना बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने जाती थीं और रात में घर लौटती थीं। घटना की जानकारी आसपास के बच्चों ने घर जाकर दी, जिसके बाद परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। लोग सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं।
पुलिस बोली- जल्द होगी गिरफ्तारी
पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में हर पहलू से जांच की जा रही है, जिसमें पुरानी रंजिश या किसी अन्य कारण की भी संभावना देखी जा रही है। फिलहाल युवती का इलाज जमशेदपुर में चल रहा है और पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
Also Read : मैक्लुस्कीगंज में सुबह-सुबह अपराधियों ने घर पर बरसाईं गोलियां, धमकी देकर हुए फरार


