Chatra : चतरा जिले के हंटरगंज प्रखंड अंतर्गत प्रतापपुर स्थित इंद्रप्रस्थ एचपी गैस एजेंसी के बाहर गुरुवार को उस समय हंगामा हो गया, जब घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर नहीं मिला। लंबे इंतजार के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और एजेंसी कर्मियों के साथ तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की स्थिति बन गई।
घंटों लाइन में खड़े रहे लोग, फिर भी नहीं मिला सिलेंडर
स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण गैस सिलेंडर लेने एजेंसी पहुंचे थे। कई लोग काफी देर तक लाइन में खड़े रहे, लेकिन जब वितरण नहीं हुआ तो लोगों ने एजेंसी के खिलाफ नाराजगी जताई। कुछ उपभोक्ताओं का कहना था कि वितरण में मनमानी की जा रही है और जरूरतमंदों को समय पर गैस नहीं मिल रही है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस की मौजूदगी में मामला शांत कराया गया। हालांकि, तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए कुछ देर तक एजेंसी परिसर के आसपास अफरा-तफरी बनी रही।
उपभोक्ताओं ने लगाए गंभीर आरोप
हंगामे के दौरान कई उपभोक्ताओं ने एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 6 महीने से लेकर 1 साल तक उन्होंने कोई सिलेंडर नहीं लिया, फिर भी उनके मोबाइल पर सिलेंडर डिलीवरी का संदेश आ रहा है।
पीड़ित उपभोक्ताओं का आरोप है कि उनके नाम पर सिलेंडर बुक कर लिया जाता है और बिना ओटीपी बताए ही सिस्टम में सिलेंडर डिलीवर दिखा दिया जाता है। जब वे एजेंसी पहुंचते हैं तो उन्हें बताया जाता है कि सिलेंडर पहले ही उठा लिया गया है।
दर्जनों लोगों ने बताई एक जैसी शिकायत
ग्रामीणों ने बताया कि यह शिकायत एक-दो लोगों की नहीं है, बल्कि दर्जनों उपभोक्ताओं को इसी तरह की परेशानी हो रही है। लोगों का कहना है कि यदि एजेंसी के रिकॉर्ड और स्टॉक की जांच की जाए तो बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आ सकता है।
एजेंसी संचालक ने आरोपों को बताया गलत
वहीं, आरोपों के घेरे में आए एजेंसी संचालक कपिल पासवान ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि गैस वितरण पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाता है और ओटीपी के माध्यम से ही सिलेंडर डिलीवर किया जाता है। संचालक ने मारपीट की घटना से भी अनजान होने की बात कही।
प्रशासन से जांच की मांग
घटना के बाद उपभोक्ताओं ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि सही तरीके से जांच हुई तो गैस वितरण में हो रही गड़बड़ी का खुलासा हो सकता है। ग्रामीणों ने यह भी मांग की कि दोषी पाए जाने पर एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
Also Read : चाईबासा में युवती पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, ट्यूशन पढ़ाकर लौट रही थी घर


