Palamu : पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र के गंजपर मोहल्ला में रहने वाले 20 साल के आरिफ की दर्दनाक मौत हो गई। दोस्तों के साथ घूमने गया आरिफ काशी सोत डैम में डूब गया। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ईद की खुशियां मातम में बदल गईं। मिली जानकारी के अनुसार, आरिफ अपने कुछ दोस्तों के साथ मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र स्थित काशी सोत डैम घूमने गया था। सभी लोग वहां घूम-फिर रहे थे और वक्त बिता रहे थे। माहौल बिल्कुल सामान्य था।
अचानक मधुमक्खियों ने किया हमला
इसी बीच अचानक वहां मधुमक्खियों का झुंड आ गया और लोगों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के डर से वहां अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरिफ भी मधुमक्खियों से बचने के लिए घबरा गया और सीधे डैम में कूद गया। लेकिन डैम का पानी काफी गहरा था। वह तैर नहीं पाया और देखते ही देखते डूब गया। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों और ग्रामीणों ने तुरंत उसे पानी से बाहर निकाला। बिना देर किए उसे अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घर में मचा कोहराम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
जैसे ही मौत की खबर घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। परिजन बदहवास हो गए। गांव में भी सन्नाटा छा गया। ईद से पहले इस तरह की घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय विधायक और मुखिया ने परिजनों को आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजा दिलाने के लिए पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी। लेकिन दुख से टूटे परिवार ने पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया।
Also Read : बंद घर का ताला तोड़ उड़ा लिया था 15 लाख का माल, चढ़ा पुलिस के हत्थे


