Ranchi: विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के चौथे सीजन का एलिमिनेटर मुकाबला आज गुजरात जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। यह अहम मैच वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में शाम 7.30 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 7 बजे होगा। इस मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली टीम 5 फरवरी को इसी मैदान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ फाइनल खेलेगी।
हेड-टू-हेड में बराबरी, लेकिन सीजन में गुजरात आगे
WPL इतिहास में अब तक गुजरात और दिल्ली के बीच कुल 8 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें दोनों टीमों को 4-4 जीत मिली है। हालांकि मौजूदा सीजन में गुजरात जायंट्स ने दिल्ली कैपिटल्स पर बढ़त बनाई है। टीम ने नवी मुंबई में 4 रन और वडोदरा में 3 रन से रोमांचक जीत दर्ज की। दोनों ही मैचों में दिल्ली आखिरी ओवर में लक्ष्य हासिल करने से चूक गई।
लगातार चौथे प्लेऑफ में दिल्ली
दिल्ली कैपिटल्स ने इस सीजन जेमिमा रोड्रिग्ज की कप्तानी में प्लेऑफ में जगह बनाई है। टीम 8 अंकों के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर रही। इससे पहले तीनों सीजन में टीम मेग लैनिंग की कप्तानी में टेबल टॉपर रही थी, लेकिन फाइनल जीतने में नाकाम रही।
गुजरात का लगातार दूसरा प्लेऑफ
गुजरात जायंट्स ने लगातार दूसरे सीजन प्लेऑफ में प्रवेश किया है। पिछले सीजन टीम तीसरे स्थान पर रही थी, लेकिन नॉकआउट मुकाबले में मुंबई इंडियंस से हार गई थी। इस बार गुजरात ने मुंबई को हराकर प्लेऑफ का टिकट पक्का किया।
दिल्ली की ताकत: नंदनी और वोलवार्ट
दिल्ली कैपिटल्स के लिए मीडियम पेसर नंदनी शर्मा इस सीजन की सबसे बड़ी ताकत रही हैं। उन्होंने टूर्नामेंट की चौथी हैट्रिक समेत कुल 15 विकेट लिए हैं और वह टीम की टॉप विकेट टेकर हैं। बल्लेबाजी में साउथ अफ्रीका की लौरा वोलवार्ट ने सबसे ज्यादा 241 रन बनाए हैं।
गुजरात की उम्मीदें गार्डनर और डिवाइन पर
गुजरात जायंट्स की कप्तान एश्ले गार्डनर ने अब तक 244 रन बनाकर टीम की सबसे सफल बल्लेबाज रही हैं। गेंदबाजी में ऑलराउंडर सोफी डिवाइन ने 17 विकेट लेकर टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट झटके हैं। डिवाइन ने ही इस सीजन दिल्ली के खिलाफ दोनों मुकाबलों में आखिरी ओवर डालकर टीम को जीत दिलाई थी।
पिच रिपोर्ट: टॉस अहम भूमिका निभाएगा
कोटाम्बी स्टेडियम की पिच पर शुरुआती मैचों में रन बनाना मुश्किल रहा था और पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को फायदा मिला था। हालांकि हालिया मुकाबलों में बल्लेबाजों को मदद मिली है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करने का फैसला कर सकती है।
पॉसिबल प्लेइंग-11
गुजरात जायंट्स:
बेथ मूनी (विकेटकीपर), सोफी डिवाइन, अनुष्का शर्मा, एश्ले गार्डनर (कप्तान), जॉर्जिया वेयरहम, भारती फूलमाली, कनिका आहूजा, काशवी गौतम, तनुजा कंवर, राजेश्वरी गायकवाड़, रेणुका सिंह।
दिल्ली कैपिटल्स:
लिजेल ली (विकेटकीपर), शेफाली वर्मा, लौरा वोलवार्ट, जेमिमा रोड्रिग्ज (कप्तान), मारिजान कैप, शिनेल हेनरी, निकी प्रसाद, स्नेह राणा, मिन्नू मणि, नंदनी शर्मा, श्री चरणी।
Also Read : निकाय चुनाव की हलचल तेज: रांची से रोशनी खलखो तो धनबाद में भाजपा ने उतारा मेयर प्रत्याशी


