Johar Live Desk : विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) का नौवां मुकाबला आज यानी शुक्रवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात जायंट्स (GG) के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। दोनों टीमें इस सीजन पहली बार आमने-सामने होंगी। RCB ने 2 मैच में 2 जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान बनाए रखा है। वहीं गुजरात ने 3 मैच खेले हैं, जिसमें उन्हें 2 जीत और 1 हार मिली है। टीम इस समय 4 पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर है। दोनों टीमों के बीच अब तक WPL में हुए 6 मैचों में बराबरी रही है – RCB ने 3 और GG ने 3 मैच जीते हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ताकत :
RCB इस सीजन सबसे मजबूत टीम के रूप में उभरी है। स्टार ऑल-राउंडर एलिस पेरी की गैरमौजूदगी में भी कप्तान स्मृति मंधाना की टीम ने लगातार दो बड़े मुकाबले जीते हैं। यूपी वॉरियर्स के खिलाफ RCB ने 143 रन का लक्ष्य सिर्फ 12.1 ओवर में हासिल किया। ग्रेस हैरिस टीम की टॉप बैटर हैं, जिन्होंने 2 मैचों में 110 रन बनाए। गेंदबाजी में लॉरेन बेल और नदीन डी क्लर्क ने संतुलन बनाए रखा है। क्लर्क ने 2 मैच में 6 विकेट लिए, जिसमें उनका बेस्ट प्रदर्शन 26 रन देकर 4 विकेट रहा।
गुजरात की तैयारी :
गुजरात जायंट्स इस सीजन पहले से बेहतर नजर आ रही है। पिछले सीजन आखिरी स्थान पर रहने वाली टीम ने इस साल दो 200+ स्कोर बनाए। हालांकि मुंबई इंडियंस के खिलाफ उन्हें हार का सामना करना पड़ा। कप्तान एश्ले गार्डनर की आक्रामक रणनीति ने टीम को लीग की सबसे तेज रन बनाने वाली टीम बना दिया है। चोट के कारण यास्तिका भाटिया टूर्नामेंट से बाहर हैं और अनुष्का शर्मा भी फिट नहीं हैं। वहीं, जॉर्जिया वेयरहम और नई खिलाड़ी सोफी डिवाइन मिडिल ऑर्डर को मजबूत कर रही हैं। सोफी डिवाइन इस सीजन टीम की टॉप बैटर और टॉप विकेट टेकर भी हैं।
पिच और मौसम का हाल :
DY पाटिल स्टेडियम की पिच बैटिंग-फ्रेंडली मानी जाती है। यहां बल्लेबाजों के लिए शॉट खेलना आसान रहता है। तेज गेंदबाज शुरुआती ओवरों में असर डाल सकते हैं, जबकि स्पिनर्स को ज्यादा मदद नहीं मिलती। नाइट मैच में ओस भी मैच के रुख को प्रभावित कर सकती है। स्टेडियम की छोटी बाउंड्री और तेज आउटफील्ड रन बनाना आसान बनाती है। मौसम विभाग के अनुसार, आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रहेगा। हवा 13 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11 :
- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु : स्मृति मंधाना (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), ग्रेस हैरिस, दयालन हेमलता, नदीन डी क्लर्क, गौतमी नायक, लिंसी स्मिथ, श्रेयांका पाटिल, अरुंधति रेड्डी, राधा यादव, लॉरेन बेल।
- गुजरात जायंट्स : एश्ले गार्डनर (कप्तान), बेथ मूनी (विकेटकीपर), सोफी डिवाइन, आयुषी सोनी, कनिका आहूजा, भारती फुलमाली, तनुजा कंवर, जॉर्जिया वेयरहम, काश्वी गौतम, रेणुका सिंह ठाकुर, राजेश्वरी गायकवाड़।
Also Read : ‘पुष्पा 2’ आज जापान में रिलीज, टोक्यो में अल्लू अर्जुन जापानी भाषा में बोले- “मैं झुकेगा नहीं”


