Bokaro : झारखंड के बोकारो जिले में दामोदर घाटी निगम (DVC) के चंद्रपुरा थर्मल पावर स्टेशन में मजदूरों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया है। CHP सेक्शन के वैगन ट्रिपलर में काम करने वाले 66 सफाई मजदूर 22 अप्रैल से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। प्लांट गेट पर धरना शुरू होते ही पूरे परिसर में हलचल तेज हो गई है।
मजदूर संघ के बैनर तले आंदोलन
यह आंदोलन भारतीय क्रांतिकारी मजदूर संघ के बैनर तले चल रहा है। पहले ही दिन संघ के नेता और जिला परिषद सदस्य अजय महतो मौके पर पहुंचे और मजदूरों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने साफ कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहना चाहिए। मजदूरों का कहना है कि वे पिछले करीब 20 साल से प्लांट में काम कर रहे हैं। लेकिन 2018 से उन्हें महीने में सिर्फ 13 दिन ही काम दिया जा रहा है, जबकि नियम के मुताबिक 26 दिन काम मिलना चाहिए। इस कटौती से मजदूरों में भारी नाराजगी है।
आर्थिक संकट में फंसे परिवार
आधे काम का सीधा असर मजदूरों की कमाई पर पड़ा है। उनका कहना है कि घर चलाना मुश्किल हो गया है- रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी भारी पड़ रहा है। कई परिवार कर्ज और तंगी से जूझ रहे हैं।
प्रबंधन पर वादा तोड़ने का आरोप
मजदूर नेताओं का आरोप है कि प्रबंधन ने पहले बातचीत में नियमित काम देने का भरोसा दिया था, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ। इसी वादाखिलाफी से नाराज होकर मजदूरों ने भूख हड़ताल का रास्ता अपनाया है। मजदूरों के अनशन पर जाने से वैगन ट्रिपलर का सफाई कार्य प्रभावित हो रहा है। इससे प्लांट के कामकाज पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
Also Read : दलित महिला से थाने में बदसलूकी का आरोप, सांसद मनीष जायसवाल ने लिया संज्ञान


