रांची से दूर एक रिसॉर्ट में कैद 35 पार्षद, मोबाइल बंद
Kishlay Shanu
Ranchi : राजधानी में डिप्टी मेयर की सीट पर दावेदारी को लेकर सियासी हलचल तेज है। पार्टी स्तर पर सभी लोग पार्षदों को एकजुट करने में जुटे हैं। इसी बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है। रांची नगर निगम में डिप्टी मेयर को लेकर रातू रोड के एक प्रत्याशी ने पार्षदों को एक जगह पर कैद कर रखा है। यह जगह रांची जिला से कुछ दूर एक रिसॉर्ट है। यहां पर कुल 35 पार्षदों को हर तरह की सुख सुविधा उपलब्ध करायी गयी है। रिसॉर्ट में कैद पार्षदों के मोबाइल बंद हैं। जबकि, कुछ-एक लोगों के मोबाइल ऑन भी हैं। पार्षदों को रिश्तेदार छोड़ बाहरी लोगों से बातचीत पर पाबंदी है। सूत्रों का कहना है कि रिसॉर्ट में कैद सभी पार्षदों को एक साथ गुरुवार के दिन उपायुक्त कार्यालय लाया जायेगा।
कई पार्षदों से संपर्क करने पर मोबाइल बंद
डिप्टी मेयर की सीट पर समर्थन करने की बात को लेकर जोहार लाइव के संवाददाता ने कई वार्ड के पार्षद से संपर्क करने का प्रयास किया। हर पार्षद के दो से तीन नंबर पर संपर्क करने पर मोबाइल बंद आया। वहीं, उनके घर में परिजनों से संपर्क करने पर पता चला कि किसी निजी कार्य से बाहर गए हैं। ऐसी कहानी लगभग पांच पार्षद के साथ देखने को मिला। इतना ही नहीं पार्षद के करीबी दोस्तों को भी इसकी भनक नहीं है कि उनके दोस्त इस वक्त किसी जगह पर आराम मस्ती वाली जिंदगी जी रहे हैं।
पार्षद खरीद फरोख्त में पैसों का बड़ा खेल
सूत्रों का कहना है कि रांची से घर छोड़कर गुप्त जगह पर शरण लिए पार्षदों को पैसों की बदौलत ऐश कराया जा रहा है। मंगलवार की देर शाम के बाद से सभी अपने-अपने घर से निकले हैं। एक-एक पार्षदों को 10-10 लाख तक का ऑफर मिला है। हालांकि, डिप्टी मेयर को लेकर समर्थन देने में कौन पार्षद कितने में बिका इसकी जोहार लाइव पुष्टि नहीं करता है। लेकिन, इतना स्पष्ट है कि पैसों के बदौलत डिप्टी मेयर की दावेदारी गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय में देखने को मिलेगा।
रांची उपायुक्त के समक्ष होनी है डिप्टी मेयर की वोटिंग
निकाय चुनाव 2026 रांची जिला प्रशासन ने शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया है। हालांकि, डिप्टी मेयर को लेकर 19 मार्च को उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के समक्ष कार्यालय में वोटिंग होनी है। इसको लेकर दाव पर दाव खेले जा रहे हैं। डिप्टी मेयर को लेकर कई लोग अपनी दावेदारी पेश करने में जुटे हैं। रांची उपायुक्त के समक्ष जो प्रत्याशी अपने पक्ष में 28 वोट लायेगा, वो रांची नगर निगम का डिप्टी मेयर बनेगा। अब, गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय में खेल देखना दिलचस्प होगा कि किसके सर सजेगा डिप्टी मेयर का ताज और कौन होगा इस खेल से बाहर।
Also Read : त्योहारों से पहले हजारीबाग में हाई अलर्ट, डीजीपी ने जुलूस मार्गों का किया निरीक्षण


