- Ranchi : झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। बीते कुछ दिनों से तापमान में बढ़ोतरी के कारण लोगों को गर्मी महसूस हो रही थी और लोग गर्म कपड़ों से दूरी बनाने लगे थे। लेकिन अब मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में हल्की बारिश के साथ ठंड फिर लौट सकती है।
मौसम विभाग ने बताया है कि तीन और चार फरवरी को राज्य के कई जिलों में हल्के दर्जे की बारिश होने की संभावना है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को फिर से ठंड का एहसास होगा।
तापमान में उतार-चढ़ाव का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में फिर से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
बीते कुछ दिनों में तापमान बढ़ने से राज्य के करीब 10 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया था। इससे लोगों को हल्की गर्मी महसूस होने लगी थी।
इन जिलों में हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार…
- तीन फरवरी को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार और आसपास के मध्य हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। बाकी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा। सुबह के समय हल्का कोहरा छा सकता है और बाद में आंशिक रूप से बादल रहेंगे।
- चार फरवरी को राज्य के पश्चिमी हिस्सों के साथ सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है। अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा। सुबह हल्का कोहरा और दिन में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।
पिछले 24 घंटे का मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहा। कुछ इलाकों में सुबह हल्का कोहरा देखा गया। इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रांची के कांके क्षेत्र में रिकॉर्ड किया गया।
लोगों को बरतनी होगी सावधानी
मौसम में बदलाव के कारण ठंड और हल्की बारिश का असर लोगों की सेहत पर पड़ सकता है। डॉक्टरों की सलाह है कि लोग मौसम के अनुसार कपड़े पहनें और ठंड से बचाव करें। खासकर बुजुर्गों और बच्चों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे ताजा मौसम अपडेट पर नजर रखें और आवश्यक सावधानी अपनाएं।
Also Read : जमशेदपुर में मुठभेड़, कैरव गांधी अपहरण कांड के तीन आरोपियों को लगी गोली

