Ranchi : झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने की तैयारी में है। मौसम विभाग के अनुसार 23 और 24 फरवरी को राज्य के कई इलाकों में हल्की बारिश और गरज के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। यानी आने वाले दो दिन लोगों को बादलों और हल्की ठंडक का एहसास करा सकते हैं।
दरअसल, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से लेकर मध्य भारत तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है। यही सिस्टम नमी को झारखंड की तरफ खींच रहा है। नतीजा ये है कि आसमान में बादल बन रहे हैं और हल्की बारिश के आसार बन गए हैं।
मतदान के दिन छाए रह सकते हैं बादल
23 फरवरी को झारखंड में नगर निकाय चुनाव के लिए वोटिंग होनी है। ऐसे में मौसम का बदलता मिजाज अहम हो जाता है। मौसम विभाग का कहना है कि इस दिन आसमान में आम तौर पर बादल छाए रहेंगे। खासकर राज्य के दक्षिण-पश्चिमी और आसपास के मध्य हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 24 फरवरी को दक्षिण-पूर्वी और सीमावर्ती मध्य जिलों में गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि राहत की बात ये है कि तेज बारिश या आंधी की कोई बड़ी चेतावनी फिलहाल नहीं है।
तापमान में बड़ा बदलाव नहीं, लेकिन रातें होंगी थोड़ी ठंडी
बारिश के इस दौर में तापमान में कोई बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को नहीं मिलेगा। दिन का तापमान लगभग ऐसा ही रहेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। यानी रात और सुबह के समय हल्की ठंड फिर महसूस हो सकती है। फरवरी के तीसरे हफ्ते में मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है। कई जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है। दिन में हल्की गर्मी तो रात में हल्की ठंड कुछ ऐसा मिला-जुला मौसम बना हुआ है।
राजधानी रांची का हाल
राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में ये मामूली बढ़ोतरी बदलते मौसम का संकेत दे रही है। दिन में हल्की गर्मी और सुबह-शाम ठंडक लोगों को अभी भी हल्के गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ रही है।
दक्षिणी जिलों में बढ़ी गर्मी
राज्य में सबसे ज्यादा गर्मी सरायकेला में दर्ज की गई, जहां पारा 34.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं चाईबासा में भी तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री ज्यादा है। इससे साफ है कि दक्षिणी झारखंड में गर्मी ने तेजी से दस्तक दे दी है। दोपहर के समय धूप अब चुभने लगी है।
Also Read : झारखंड नगर निकाय चुनाव 2026 : आज राज्यभर में वोटिंग, 43 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे फैसला

