Ranchi : ओरमांझी थाना क्षेत्र के खीरा बेड़ा गांव में बुधवार को एक यात्री बस में आग लगाए जाने की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार बस ने सड़क पार कर रही एक लड़की को टक्कर मार दी। इस हादसे में लड़की को मामूली चोटें आईं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने बस को वहीं रोक लिया और चालक व खलासी को बस से उतरने के लिए कहा। कुछ ही देर में भीड़ उग्र हो गई और ग्रामीणों ने बस में आग लगा दी।
आग लगने से बस पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घायल लड़की को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही ओरमांझी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने आग पर काबू पाया और भीड़ को शांत कराया। फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बहाल है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बस चालक से पूछताछ की जा रही है और आगजनी में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : रांची में भीषण शीतलहर, डीसी ने जारी की जनता और छात्रों के लिए चेतावनी


