Johar Live Desk : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो से मुलाकात की। यह मुलाकात विशेष रूप से इसलिए भी महत्वपूर्ण थी क्योंकि अमेरिकी सेना ने 3 जनवरी को वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अगवा कर लिया था।
मुलाकात के बाद मचाडो ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने ट्रंप को अपना नोबेल शांति पुरस्कार का पदक भेंट किया है। उन्होंने इसे 1825 में अमेरिकी स्वतंत्रता संग्राम के हीरो मार्क्विस डे लाफायेट के उदाहरण से जोड़ते हुए कहा कि यह पदक अमेरिका और वेनेजुएला के बीच भाईचारे और तानाशाही के खिलाफ साझा लड़ाई का प्रतीक है।
ट्रम्प ने मचाडो की तारीफ की
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर मचाडो से मिलने को सम्मानजनक बताया। उन्होंने कहा कि मचाडो एक अद्भुत महिला हैं, जिन्होंने बहुत कुछ सहा है। ट्रंप ने कहा कि मारिया ने उन्हें उनके कामों के लिए अपना नोबेल शांति पुरस्कार दिया। उन्होंने मचाडो को धन्यवाद देते हुए आपसी सम्मान को कमाल का बताया।
नोबेल पुरस्कार नियम
नोबेल पुरस्कार की घोषणा हो जाने के बाद इसे रद्द नहीं किया जा सकता, न ही इसे किसी अन्य व्यक्ति को स्थानांतरित किया जा सकता है। केवल पदक को भेंट, बेचा या उधार दिया जा सकता है। नोबेल पुरस्कार विजेता की उपाधि हमेशा मूल विजेता के पास रहती है।
मीटिंग में वेनेजुएला के चुनाव पर कोई चर्चा नहीं
व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिना लेविट ने कहा कि ट्रंप-मचाडो की बैठक में वेनेजुएला में चुनाव की समयसीमा या राजनीतिक समर्थन पर कोई चर्चा नहीं हुई। बैठक व्यक्तिगत रूप से मिलने और वेनेजुएला की स्थिति पर विचार करने के लिए थी।

मचाडो की राजनीतिक पृष्ठभूमि
मचाडो 2024 में वेनेजुएला की विपक्षी राष्ट्रपति उम्मीदवार थीं, लेकिन उनकी उम्मीदवारी रद्द कर दी गई थी। मादुरो की गिरफ्तारी के बाद उन्हें कई लोग वेनेजुएला की राष्ट्रपति के रूप में देख रहे थे, हालांकि ट्रंप ने उन्हें राष्ट्रपति बनाने का समर्थन नहीं किया और डेल्सी रोड्रिग्ज को अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में मान्यता दी।
नोबेल पुरस्कार की जानकारी
नोबेल पुरस्कार की स्थापना 1895 में अल्फ्रेड नोबेल की वसीयत के अनुसार हुई थी। यह पुरस्कार 1901 से विभिन्न क्षेत्रों में दिया जा रहा है, जिसमें फिजिक्स, मेडिसिन, केमिस्ट्री, साहित्य, शांति और बाद में इकोनॉमिक्स शामिल हैं।
मुलाकात बंद कमरे में हुई और मचाडो ने इसे सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि ट्रंप वेनेजुएला की स्थिति को समझते हैं और लोगों के दर्द के प्रति संवेदनशील हैं। इस मुलाकात ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वेनेजुएला के विपक्ष की स्थिति और अमेरिकी विदेश नीति पर ध्यान आकर्षित किया है।
Also Read : जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा, 6 साल की बच्ची की मौ’त, कई घायल


