Chaibasa : चाईबासा के किरीबुरू थाना क्षेत्र स्थित मिलन चौक में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी कालू करूआ को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर उसे दबोच लिया और सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। जानकारी के अनुसार, 16 मई की देर शाम मिलन चौक निवासी 32 वर्षीय चंद्रमोहन गोप मजदूरी कर अपने घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद वह पास की एक दुकान पर सामान लेने गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद करूआ बस्ती निवासी कालू करूआ उनसे तमिल भाषा में कुछ बोलने लगा। चंद्रमोहन को भाषा समझ में नहीं आई, इसलिए उन्होंने सामान्य तरीके से जवाब दिया। बताया जा रहा है कि इसी बात पर आरोपी भड़क गया।
अचानक चाकू निकालकर किया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बात बढ़ने के बाद कालू करूआ ने अचानक चाकू निकाल लिया और चंद्रमोहन गोप के गले पर हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि चंद्रमोहन गंभीर रूप से घायल होकर वहीं जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल युवक को इलाज के लिए सेल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति पर नजर रखी। चिकित्सकों के अनुसार अब घायल युवक की हालत खतरे से बाहर है।
पुलिस ने चलाया विशेष अभियान
घटना की सूचना मिलते ही किरीबुरू थाना पुलिस सक्रिय हो गई। थाना प्रभारी रोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की गई। आखिरकार पुलिस ने आरोपी कालू करूआ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसे सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। मामले की आगे की जांच जारी है।
Also Read : तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर ने युवक को मारी टक्कर, गंभीर हालत में धनबाद रेफर


