Jamshedpur : जमशेदपुर में दिन दहाड़े घर में घुस कर चोरी करते दो महिलाओं को पकड़ लिया गया। घटना शुक्रवार सुबह सीतारामडेरा थाना अंतर्गत भालूबासा काली मंदिर रोड नंबर-9 इलाके की है जब दो महिलाएं भिखारी का भेष बनाए हुई थीं और अपने साथ छोटे-छोटे बच्चों को लेकर आई थीं। इसके अलावा उनके साथ एक 5 से 6 साल का बच्चा भी था, जिससे किसी को उन पर शक नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, महिलाओं ने इलाके के एक घर का मुख्य गेट खुला देखकर अचानक घर में प्रवेश किया। घर में घुसते ही उन्होंने अलमारी खोलकर कीमती सामान, मोबाइल फोन और अन्य घरेलू वस्तुएं चुराने की कोशिश शुरू कर दी। घर के अंदर हल्की आवाजें सुनाई देने पर घर के सदस्य अंदर पहुंचे और दोनों महिलाओं को चोरी करते हुए पकड़ लिया। खुद को घिरता देख महिलाएं बहाने बनाने लगीं और खुद को गरीब व मजबूर बताने लगीं।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में शोर मच गया जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस बच्चों के संबंध में भी जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं यह कोई संगठित गिरोह तो नहीं, जो बच्चों का इस्तेमाल कर चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम देता हो।
स्थानीय लोगों का कहना है कि महिलाओं की वेशभूषा और बच्चों के साथ होने के कारण वे मासूम नजर आ रही थीं, जिससे किसी को शक नहीं हुआ। घटना के बाद इलाके के लोग सतर्क हो गए हैं और वे अपने घरों के गेट और दरवाजे बंद रखने के साथ अजनबियों से सावधान रहने की सलाह दे रहे हैं।
Also Read :नाम वापसी से पहले रिंकू सिंह को मिला नूतन सिंह का समर्थन और आशीर्वाद


