Jamshedpur : जमशेदपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना मोदी पार्क और कॉन्वेंट स्कूल के पास बीती देर रात की है जब दो बाइकों में जोरदार टक्कर हो गई।
इलाज के दौरान गजेंद्र यादव की मौत
हादसे में बर्मामाइंस के रहने वाले गजेंद्र यादव(करीब 45 साल) गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने फौरन मानवता दिखाते हुए दोनों घायलों को उठाया और इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद गजेंद्र यादव को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि उन्हें सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। इस खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
दूसरे युवक की हालत नाजुक
दूसरे बाइक सवार युवक की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। उसे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी स्थिति नाजुक है और लगातार निगरानी की जा रही है।
गलत दिशा से आ रही थी एक बाइक
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के वक्त एक बाइक गलत दिशा से आ रही थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि असल वजह का पता लगाया जा सके।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बताया जाता है कि गजेंद्र यादव पेशे से वैन चालक थे और उनकी तीन बेटियां हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। फिलहाल पुलिस कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है और हादसे के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है। इलाके में इस घटना के बाद शोक और चिंता का माहौल है।
Also Read : राबड़ी आवास पर सियासी ब्रेक, फिलहाल खाली नहीं करना होगा घर

