Ranchi : होली में अभी दो महीने का समय बचा है, लेकिन रांची आने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में अब से ही भारी भीड़ दिखाई दे रही है। मुंबई, दिल्ली, चेन्नई और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों से रांची के लिए चलने वाली अधिकांश ट्रेनों में 23 फरवरी से 1 मार्च के बीच लंबी वेटिंग दर्ज की जा रही है।
कन्फर्म टिकट मिलना हो गया मुश्किल
लोकमान्य तिलक-रांची वीकली, एलटीटी-गया सुपरफास्ट वीकली, लोकमान्य तिलक-हटिया एक्सप्रेस, एलप्पी-धनबाद एक्सप्रेस, जम्मू-तवी-संबलपुर एक्सप्रेस, नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस वीकली, झारखंड संपर्क क्रांति और बेंगलुरु-हटिया एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में अब से ही 50 से 100 से अधिक यात्रियों की वेटिंग हो चुकी है। आम दिनों में आसानी से मिल जाने वाली ट्रेनों में भी अब कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है।
झारखंड संपर्क क्रांति में कुछ ही सीटें बची
एलटीटी-गया सुपरफास्ट वीकली में स्लीपर और थर्ड एसी में सीटें ‘रिग्रेट’ की स्थिति में पहुंच चुकी हैं, जबकि बेंगलुरु-हटिया एक्सप्रेस में सभी श्रेणियों में 100 से ज्यादा वेटिंग है। एलप्पी-धनबाद एक्सप्रेस में भी 50 से अधिक की वेटिंग चल रही है। झारखंड संपर्क क्रांति में कुछ ही सीटें बची हैं। यात्रियों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में बुकिंग और तेज होने की संभावना है, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है।
यात्रियों ने मांगी होली स्पेशल ट्रेनों की घोषणा
टिकट नहीं मिलने से लोग रेलवे द्वारा होली स्पेशल ट्रेनों की घोषणा का इंतजार कर रहे हैं। झारखंड पैसेंजर एसोसिएशन के प्रदेश सचिव प्रेम कटारूका ने दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक और डीआरएम रांची से अतिरिक्त ट्रेनों की मांग की है। वहीं, जेडआरयूसीसी सदस्य अरुण जोशी ने कहा कि रांची से दक्षिण भारत, पुणे, गुजरात, राजस्थान और अन्य प्रमुख शहरों के लिए भी होली स्पेशल ट्रेनें चलाई जानी चाहिए।
Also Read : पटना का गांधी मैदान आम लोगों के लिए बंद, कब से कब तक… जानें


