टोक्यो 2020 : ओलंपिक के 80 फीसदी आयोजन स्थल सुरक्षित

Joharlive Desk

टोक्यो। टोक्यो 2020 के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तोशिरो मुतो ने कहा कि अगले साल होने वाले ओलंपिक खेलों के 80 फीसदी आयोजन स्थल सुरक्षित हैं।

मुतो ने कहा कि सुरक्षित आयोजन स्थलों में नया नेशनल स्टेडियम भी शामिल है और अन्य स्थलों को सुरक्षित करने को लेकर चर्चा जारी है। मुतो ने कहा, “हम उसी आयोजन स्थल का इस्तेमाल करने की कोशिश करेंगे। समायोजन की कोशिश जारी है लेकिन हम 80 फीसदी आयोजन स्थल को इस्तेमाल कर सकते हैं।”

उन्होंने कहा कि वह इस बात की गारंटी नहीं दे सकते कि ओलंपिक अगले साल गर्मियों में आयोजित किए जाएंगे लेकिन साथ ही कहा कि टोक्यो 2020 खेलों को सुरक्षित तरीके से आयोजित करने के लिए हरसंभव कोशिश करेगा।

मुतो ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि कोई इस बात की गारंटी नहीं ले सकता है कि ओलंपिक और पैरालम्पिक का 100 फीसदी आयोजन होगा। लेकिन हम अगले साल खेलों को आयोजित करने के लिए प्रतिबद्ध है। जब तक हमारे पास कोरोना को रोकने के उपाय रहेंगे, हम 2021 में खेलों का आयोजन सुनिश्चित करेंगे।”

टोक्यो सरकार ने गुरुवार को टोक्यो अलर्ट हटा लिया था और व्यवसाय प्रतिबंधों में भी शुक्रवार से ढील दी थी। इसके बावजूद दुनियाभर में कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण ओलंपिक के आयोजन पर संशय बना हुआ है।

मुतो ने कहा कि टोक्यो 2020 दुनियाभर में हालात की समीक्षा करेगा और विशेषज्ञों से राय लेगा इसके बाद ही उपायों पर चर्चा करेगा। उन्होंने कहा कि टोक्यो 2020 तीन सिद्धांतों को अपनाए जिसके लिए अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने अपनी सहमति जतायी है।

मुतो ने कहा कि हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता सुरक्षित वातावरण तैयार करना है। दूसरा ओलंपिक स्थगित होने के कारण लागत को कम से कम रखना और तीसरा खेलों को साधारण तरीके से आय़ोजित कराना है।