कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम में झारखंड की तीन खिलाड़ियों चयन

रांची: इंग्लैंड के बर्मिंघम में 28 जुलाई से शुरू होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए 18 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम का चयन किया है.

इस टीम में झारखंड की तीन खिलाड़ी निक्की प्रधान, सलीमा टेटे और संगीता कुमारी भी शामिल हैं. झारखंड को यह तोहफा 23 जून, अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर मिला.

भारतीय महिला हॉकी टीम में शामिल झारखंड की तीनों ही खिलाड़ी अभी नीदरलैंड में एफआईएच प्रो लीग हॉकी प्रतियोगिता खेल रही हैं और उधर से ही 1 जुलाई से आयोजित विश्व कप महिला हॉकी प्रतियोगिता में भाग लेंगी. कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत को इंग्लैंड, कनाडा, वेल्स और घाना के साथ पूल ए में रखा गया है.

भारत अपने अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को घाना के खिलाफ करेगा.

झारखंड के खिलाड़ियों का लगातार बड़े प्रतियोगिता में चयनित होने पर हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोला नाथ सिंह सहित तमाम पदाधिकारियों ने खुशी जाहिर की है और कहा कि झारखंड हॉकी के इतिहास के लिए यह बहुत बड़ा अवसर है कि ओलंपिक गेम्स, वर्ल्ड कप, कॉमनवेल्थ, एशिया कप, एशियन गेम्स जैसे बड़े-बड़े प्रतियोगिताओं के लिए झारखंड के खिलाड़ी नियमित रूप से चयनित हो रहे हैं.

यह आने वाले पीढ़ी के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी. उन्होंने कहा ओलंपिक दिवस के दिन भारतीय टीम में 3 खिलाड़ियों का चयन होना निश्चित रूप से समस्त झारखंड के खेल प्रेमियों के लिए बहुत बड़ा तोहफा है.