Ranchi : धुर्वा/एचईसी क्षेत्र में 8 दिनों से लापता अंश (5 वर्ष) और अंशिका (4 वर्ष) की सकुशल वापसी को लेकर लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। अपहृत बच्चों की वापसी की मांग को लेकर अंश–अंशिका बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले शुक्रवार को धुर्वा बस स्टैंड, जेपी मार्केट सेक्टर-2 और झोपड़ी मार्केट में नुक्कड़ सभा आयोजित की गई।
नुक्कड़ सभा के माध्यम से स्थानीय लोगों से अपील की गई कि मानवता और मानवीय संवेदना दिखाते हुए रविवार यानी 11 जनवरी को संपूर्ण एचईसी/धुर्वा क्षेत्र बंद का स्वैच्छिक समर्थन करें। साथ ही यह भी जानकारी दी गई कि कल यानी शनिवार शाम 4:30 बजे मौसीबाड़ी, पुराना विधानसभा होते हुए भगवान बिरसा चौक तक शांतिपूर्ण मशाल जुलूस निकाला जाएगा।
समिति के संयोजक और राजद नेता कैलाश यादव ने कहा कि अंश और अंशिका की सकुशल वापसी के लिए कार्य कर रहे प्रशासन को पूरा सहयोग दिया जा रहा है और उनके मनोबल को बढ़ाने के लिए समिति सदैव साथ है। हालांकि, जब तक दोनों बच्चों की सुरक्षित वापसी नहीं हो जाती, तब तक प्रशासन से सवाल पूछते रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अगर प्रशासन की सक्रियता शुरुआत से होती, तो आज यह स्थिति नहीं आती।
धुर्वा मंडल कांग्रेस अध्यक्ष एवं समिति के सदस्य रंजन यादव ने कहा कि जनता का आक्रोश बढ़ रहा है और उसे रोकना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में अपहृत बच्चों के परिजनों का मनोबल टूटने न पाए, इसके लिए समिति हर निर्णय में उनके साथ खड़ी है।
नुक्कड़ सभा में नंदन यादव, अनिता यादव, सुनील राय, मनीष राय, रामकुमार सिंह, दिलीप सिंह, राजन पाठक, ओम तिवारी, उदय सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।
संघर्ष समिति ने दोहराया कि प्रशासन को पूरा सहयोग दिया जाएगा, लेकिन अंश और अंशिका की सकुशल वापसी तक आंदोलन और सवाल जारी रहेंगे।


