Ranchi : सुधा एंड अरमान चैरिटेबल ट्रस्ट और रांची प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित महिला पत्रकार बैडमिंटन टूर्नामेंट भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। इस टूर्नामेंट में 26 महिला पत्रकार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और शानदार खेल का प्रदर्शन कर यह साबित किया कि पत्रकारिता के ऑफिसियल कामों और बीट रिपोर्टिंग के दबाव के बीच भी महिला पत्रकार खेल के मैदान में किसी से पीछे नहीं हैं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि रक्षा राज्यमंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ और विशिष्ट अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय रहे। दोनों अतिथियों ने बैडमिंटन खेल में अपनी सहभागिता भी दिखाई। इसके अलावा सुनील सहाय और प्रणव कुमार बब्बू भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
प्रेस क्लब और ट्रस्ट की प्रशंसा
ट्रस्ट के चेयरमैन शुभ नारायण दत्त और सचिव मनोज श्रीवास्तव ने रांची प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कमिटी की सराहना की। उन्होंने कहा कि कम समय में क्लब ने शानदार आयोजन किया है और भविष्य में भी ट्रस्ट और प्रेस क्लब मिलकर नए प्रयास करेंगे। शुभ नारायण दत्त ने विशेष रूप से महिला पत्रकारों की मेहनत और उनके परिवार के साथ संतुलन बनाकर पत्रकारिता करने की चुनौती को सराहा।
प्रेस क्लब के अध्यक्ष शंभु नाथ चौधरी ने कहा कि यह प्रेस क्लब के लिए गर्व का मौका है कि राज्य के दो बड़े राजनीतिक चेहरे इस आयोजन में शामिल हुए। वहीं, सचिव अभिषेक सिन्हा ने कहा कि क्लब का प्रयास रहेगा कि पत्रकारों के लिए खेल, संवाद और सेमिनार जैसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित होते रहें।

संजय सेठ की बड़ी घोषणा
मुख्य अतिथि संजय सेठ ने रांची प्रेस क्लब को रूफटॉप कॉफी हाउस बनाने के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के लिए एक ऐसा स्थान होना चाहिए जहां वे काम की थकान दूर कर सकें, चर्चा कर सकें और आराम कर सकें। उन्होंने महिला पत्रकारों की बढ़ती भागीदारी की तारीफ करते हुए कहा कि हर महिला अब वीरांगना बन चुकी है और समाज एवं सरकार का दायित्व है कि हर फील्ड में उनका समर्थन करे।
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय का संदेश
सुबोध कांत सहाय ने कहा कि पत्रकारों पर काम का दबाव होता है और ऐसे आयोजनों से उनका तनाव कम होता है। उन्होंने महिला पत्रकारों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की और कॉफी हाउस के निर्माण को रांची और पत्रकार समाज के लिए महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में भारी पत्रकार उपस्थिति
तूर्नामेंट में प्रेस क्लब के कई सदस्य उपस्थित रहे। इसमें प्रमुख रूप से कुबेर सिंह, चन्दन भट्टाचार्य, विपिन उपाध्याय, प्रतिमा कुमारी, राजन बॉबी, चन्दन वर्मा, निर्भय कुमार, अमित कुमार, अशोक गोप, विजय कुमार गोप, सौरभ शुक्ला, संजय सुमन, संतोष सिन्हा सहित अनेक पत्रकार शामिल हुए। फोटो जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने भी आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम का मंच संचालन वरिष्ठ पत्रकार रेखा पाठक ने किया और धन्यवाद ज्ञापन प्रेस क्लब के सचिव अभिषेक सिन्हा ने प्रस्तुत किया।
विजेताओं की सूची:
- सिंगल्स विजेता: करिश्मा
- सिंगल्स रनर अप: पूजा बोस
- डबल्स विजेता: मुस्कान और अदिति
- डबल्स रनर अप: आशिया नजली और रूपम
- प्रथम रनर अप डबल्स: रोमिता और करिश्मा
- द्वितीय रनर अप डबल्स: जयंती और आरती
इस आयोजन ने न केवल महिला पत्रकारों की खेल प्रतिभा को उजागर किया, बल्कि प्रेस क्लब और ट्रस्ट के सहयोग से पत्रकार समाज के लिए एक सकारात्मक और सशक्त संदेश भी दिया।
Also Read : झारखंड में पांच IAS अधिकारियों को मिला प्रमोशन… देखें लिस्ट


