Ranchi : रांची के पुंदाग स्थित अनसूल अपार्टमेंट के पास पेंट मिस्त्री वसीम मंसूरी की बेरहमी से हुई हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने दो संदेही गुनहगारों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में साहिद असारी (24 वर्ष) और मुसरफ असारी (20 वर्ष) शामिल हैं। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने खून लगा चाकू, खून लगा डंडा, खून सना शर्ट और जींस और दोनों के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस सनसनीखेज वारदात के पीछे प्रेम-प्रसंग और पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। इस बात का खुलासा रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने किया है
सुबह-सुबह मिली थी शव की सूचना
सिटी एसपी पारस राणा ने मीडिया को बताया कि बीते चार फरवरी की सुबह लोगों ने निर्माणाधीन अपार्टमेंट में लिफ्ट के नीचे पानी भरे गड्ढे में एक युवक का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और पहचान कराई। मृतक की पहचान वसीम मंसूरी के रूप में हुई। वह उसी बिल्डिंग में पेंट-पुट्टी का काम करता था।
2 फरवरी से था लापता, परिवार परेशान
वसीम 2 फरवरी से घर नहीं लौटा था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच 4 फरवरी को शव मिलने की खबर ने पूरे परिवार को तोड़ दिया। पिता जसीम मंसूरी ने थाने में शिकायत देकर वसीम के साथ काम करने वाले साथियों पर शक जताया था।
एसएसपी के निर्देश पर बनी स्पेशल टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने तुरंत स्पेशल टीम बनाने का आदेश दिया। सिटी एसपी पारस राणा की देखरेख और हटिया डीएसपी प्रमोद मिश्रा के नेतृत्व में बनी टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और स्थानीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की।
पूछताछ में खुला राज
पुलिस ने जब साहिद असारी और मुसरफ असारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो दोनों टूट गए और पूरी कहानी बता दी। मुख्य आरोपी साहिद ने बताया कि उसका वसीम की बहन से प्रेम संबंध था। कुछ दिन पहले इसी बात को लेकर वसीम और उसके घरवालों ने उसकी पिटाई कर दी थी।
बदले की आग में रची हत्या की साजिश
साहिद ने पुलिस को बताया कि अपमान और मारपीट के बाद वह अंदर ही अंदर बदला लेने की सोचने लगा। फिर उसने अपने दोस्त मुसरफ के साथ मिलकर वसीम को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
काम के बहाने बुलाया, फिर कर दी हत्या
2 फरवरी को दोनों ने वसीम को काम का बहाना बनाकर अनसूल अपार्टमेंट के पास बुलाया। इसके बाद उसे निर्माणाधीन बिल्डिंग के पहले तल्ले पर ले गए और वहां चाकू और डंडे से हमला कर दिया। जब वसीम की मौके पर ही मौत हो गई, तो दोनों घबरा गए।
शव छुपाने के लिए लिफ्ट के गड्ढे में फेंका
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को छुपाने की कोशिश की। दोनों ने मिलकर शव को उठाया और लिफ्ट के नीचे बने पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया, ताकि किसी को शक न हो। लेकिन बदबू और पानी में तैरते शव ने राज खोल दिया।
एसपी बोले- जल्द होगी चार्जशीट
एसपी का कहना है कि मामले में सबूत मजबूत हैं। जल्द ही कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की जाएगी और आरोपियों को सख्त सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी।
Also Read : जादू टोना के शक में मरवा डाला भाभी को, दो लाख में तय किया था मौ’त का सौदा


