Ranchi : रांची शहर में रोज लगने वाले ट्रैफिक जाम और लोगों की परेशानी को देखते हुए रांची एसएसपी राकेश रंजन ने शुक्रवार को एक अहम बैठक की। इस बैठक में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, ट्रैफिक डीएसपी, सभी थाना प्रभारी और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी शामिल हुए।
कहां-कहां लगता है जाम, इसकी हुई पहचान
बैठक में सबसे पहले उन जगहों पर चर्चा हुई, जहां रोजाना जाम की समस्या बनी रहती है। अफसरों ने एसएसपी को बताया कि किन इलाकों में सुबह और शाम सबसे ज्यादा ट्रैफिक फंसता है और इसके पीछे क्या वजह है। एसएसपी ने साफ कहा कि अब हर ऐसे प्वाइंट पर खास नजर रखी जाएगी, ताकि लोगों को घंटों जाम में न फंसना पड़े।
जरूरत वाले इलाकों में बनेगा नया ट्रैफिक पोस्ट
जिन इलाकों में ट्रैफिक ज्यादा रहता है, वहां अतिरिक्त ट्रैफिक पोस्ट बनाने पर भी बात हुई। वहां पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि मौके पर ही ट्रैफिक को कंट्रोल किया जा सके। एसएसपी ने कहा कि जहां जरूरत है, वहां तुरंत जवानों की ड्यूटी लगाई जाए।
सिग्नल, डिवाइडर और बोलार्ड लगाने पर जोर
कई चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल और डिवाइडर की कमी के कारण अक्सर अफरा-तफरी रहती है। इसे देखते हुए बैठक में तय किया गया कि जरूरी जगहों पर जल्द सिग्नल लाइट, डिवाइडर और बोलार्ड लगाए जाएंगे। इससे वाहन चालकों को सही दिशा मिलेगी और दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
ट्रैफिक पुलिस को मिलेंगे आधुनिक उपकरण
ट्रैफिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस को नए उपकरण भी दिए जाएंगे। इसमें वॉकी-टॉकी, बैरिकेडिंग और अन्य जरूरी संसाधन शामिल हैं। एसएसपी ने कहा कि बिना सही संसाधन के बेहतर काम संभव नहीं है, इसलिए इस दिशा में जल्द कदम उठाए जाएंगे।
रात में भी सड़कों पर दिखेगी ट्रैफिक पुलिस
अब रांची के मुख्य चौक-चौराहों पर देर रात तक ट्रैफिक पुलिस तैनात रहेगी। इससे रात के समय होने वाली अव्यवस्था और तेज रफ्तार पर लगाम लगेगी। एसएसपी ने निर्देश दिया कि रात में भी आम लोगों को सुरक्षित और आसान सफर मिले।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
बैठक के अंत में एसएसपी राकेश राजस ने सभी अधिकारियों को चेतावनी दी कि ट्रैफिक व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि बैठक में लिए गए फैसलों को जमीन पर उतारना जरूरी है और इसकी लगातार निगरानी की जाएगी।
आम लोगों से भी सहयोग की अपील
एसएसपी ने आम लोगों से भी अपील की कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, गलत जगह गाड़ी न लगाएं और पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता मिलकर ही शहर को जाम मुक्त बना सकते हैं।
Also Read : जादू टोना के शक में मरवा डाला भाभी को, दो लाख में तय किया था मौ’त का सौदा


