Hazaribagh (Barhi) : सोशल मीडिया पर बीते 17 दिसंबर को एक नाबालिग बच्चे के साथ बेरहमी से मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वीडियो के सत्यापन में यह घटना बरही थाना क्षेत्र के हरिनगर मोहल्ला की पाई गई। पीड़ित बच्चे की मां ने बरही थाना में दर्ज शिकायत में बताया कि 17 दिसंबर को उनका 11 साल का बेटा घर के बगल में क्रिकेट खेल रहा था। इसी दौरान हरिनगर निवासी अलोक गुप्ता ने अचानक बच्चे के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान बच्चे की चीख-पुकार सुनकर मां मौके पर पहुंची और किसी तरह अपने बेटे की जान बचाई।
मामले में बरही थाना कांड संख्या 468/25, के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत पूछताछ एवं अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस भेजा गया था, लेकिन आरोपी और उसके परिजनों ने नोटिस लेने से इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर कार्रवाई तेज की। आज यानी 18 दिसंबर को पुलिस ने युवराज होटल के पास, हजारीबाग रोड एनएच-33 से प्राथमिकी अभियुक्त अलोक गुप्ता (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग बच्चों के साथ हिंसा की इस घटना की निंदा कर रहे हैं।
Also Read : झाड़ियों में बैठकर कर रहा था साइबर ठगी का खेला, पुलिस ने दो को दबोचा


