Jamshedpur : जमशेदपुर के गालूडीह थाना क्षेत्र के खड़िकालोनी में बीती रात एक प्रज्ञा केंद्र (सीएससी सेंटर) में गोली मारकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त तारापद महतो के तौर पर की गई है। वे उलदा पंचायत की उपमुखिया आशारानी महतो के पति थे और पिछले दो साल से इस केंद्र को चला रहे थे।
घटना के अनुसार बीती रात करीब 8 बजे प्रज्ञा केंद्र में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं ऑनलाइन पैसे निकालने के लिए आई हुई थीं। इसी बीच दो नकाबपोश अपराधी बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचे। उन्होंने पहले तारापद महतो की पहचान की पुष्टि की, फिर पिस्तौल निकालकर उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अपराधियों ने उन पर दो गोलियां चलाईं, जिससे वे लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े।
गोलीबारी से केंद्र में मौजूद महिलाओं और लोगों में अफरा-तफरी मच गई। भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। अपराधी वारदात के बाद बाइक से तेजी से फरार हो गए। किसी ने उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की। लोगों ने घायल तारापद महतो को तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गालूडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और जांच शुरू कर दी है। इलाके में दहशत का माहौल है। अभी तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस मामले की गहराई से तहकीकात कर रही है और हत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश में जुटी है।
Also Read : पूर्व सांसद कड़िया मुंडा को रंगदारी के लिए मिली धमकी, मामला दर्ज

