Bokaro : सेल बोकारो स्टील ने रविवार से हैप्पी स्ट्रीट के चौथे संस्करण की शुरुआत कर दी है। यह कार्यक्रम 4 जनवरी तक चलेगा। हैप्पी स्ट्रीट का उद्घाटन डायरेक्टर इंचार्ज राउरकेला स्टील प्लांट एवं प्रभारी डीआई बोकारो स्टील आलोक वर्मा और डीसी अजय नाथ झा ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम में सुबह-सुबह ही भारी भीड़ देखने को मिली। हैप्पी स्ट्रीट में संगीत, खेल, स्ट्रीट फूड और स्वास्थ्य संबंधी कैंप का आयोजन किया गया है। आए लोगों ने इसे बोकारो के लिए एक सकारात्मक प्रयास बताया। महिलाओं ने कहा कि ठंड के मौसम में सुबह-सुबह सड़कों पर कम लोग निकलते हैं, लेकिन आज हजारों लोग इस कार्यक्रम में शामिल हुए। लोगों ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता दिखाते हुए इसे सराहा।
प्रभारी डायरेक्टर आलोक वर्मा और उपायुक्त अजय नाथ झा ने बताया कि यह कार्यक्रम बेहतर स्वास्थ्य और तनाव दूर करने के लिए किया गया है। डीसी ने कहा कि शहर का मतलब सिर्फ इमारतें नहीं बल्कि पॉजिटिव वातावरण होना भी है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन लोगों को तनाव से बाहर निकलने का अवसर देता है।
वर्धमान से आए एक व्यक्ति ने कहा कि इस तरह का आयोजन उन्होंने पहली बार देखा है और कार्यक्रम की सफलता सुबह से जुटी भारी भीड़ से स्पष्ट होती है। डीसी अजय नाथ झा ने कहा कि यह आयोजन 2022 से किया जा रहा है और आगे भी इसे नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बेहतर बोकारो बनाने के लिए इस तरह के कार्यक्रम जरूरी हैं।
Also Read : लालपुर में फर्जी नंबर प्लेट मामले में बाइक चालक फरार


