Ranchi : रांची ट्रैफिक पुलिस ने फर्जी और छेड़छाड़ किए गए वाहन रजिस्ट्रेशन नंबर के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया है। ट्रैफिक SP रांची के निर्देश पर शहर के सभी यातायात थानों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में लालपुर यातायात थानांतर्गत लालपुर चौक पोस्ट के पास एक संदिग्ध बाइक को रोका गया। बाइक बजाज पल्सर (रजिस्ट्रेशन नंबर JH 01 R-4778) थी। बाइक सवार व्यक्ति से कागजात मांगे गए, लेकिन उसने कागजात लाने की बात कहकर वहां से चले जाने के बाद वापस नहीं आया।
पुलिस ने वाहन के रजिस्ट्रेशन और चेसिस नंबर की जांच की, जिसमें पता चला कि बाइक पर लगी नंबर प्लेट किसी अन्य वाहन (पैशन प्रो मोटरसाइकिल) की है। यानी वाहन पर जानबूझकर गलत रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट लगाई गई थी।
इस मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित वाहन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
रांची ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने वाहनों में सिर्फ सही और वैध नंबर प्लेट लगवाएं। फर्जी या गलत नंबर प्लेट का उपयोग कानूनन अपराध है और इस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


