Jamshedpur : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित कल्याण नगर इलाके से रविवार को एक युवक का शव नाले में मिला। शव के हाथ बंधे होने की स्थिति ने इस मामले को हत्या की ओर संकेत किया है। पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोगों ने रविवार को नाले में युवक का शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर अपने कब्जे में ले लिया। मृतक की पहचान कल्याण नगर निवासी राहुल के रूप में हुई है। राहुल मूल रूप से आदित्यपुर का रहने वाला था और दो दिन पहले अपने चाचा के घर आया था।
परिजनों ने बताया कि राहुल मकर संक्रांति के दिन से लापता था। परिवार और रिश्तेदारों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रविवार को नाले में शव मिलने से मामले ने गंभीर रूप ले लिया। मृतक के दोनों हाथ बंधे हुए थे और शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि राहुल को पहले बंधक बनाया गया, उसके साथ प्रताड़ना की गई और बाद में हत्या कर नाले में फेंक दिया गया।
सीतारामडेरा थाना प्रभारी निरंजन सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस इस मामले की जांच हत्या के एंगल से कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। इसके अलावा, मृतक के पुराने विवादों और आपसी रंजिश के पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।
Also Read : कोडरमा की सड़कों पर सुरक्षा की दौड़, मैराथन के जरिए लोगों को किया गया जागरूक


