Bokaro : पूरे शहर में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। मंगलवार को DC अजय नाथ झा ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अधिकारियों की बैठक कर उन्हें समारोह की तैयारियों की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध तरीके से समारोह आयोजित किया जाएगा और स्कूली बच्चों द्वारा शहर के विभिन्न हिस्सों में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी और बीएसएल के उप निदेशक को समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया।

DC ने अधिकारियों को झांकियों के माध्यम से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित करने को कहा। 25 जनवरी को सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन के लिए शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हाल) को आरक्षित किया गया है। मुख्य समारोह स्थल पुलिस लाइन मैदान, सेक्टर 12 में सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था की भी तैयारी सुनिश्चित की जाएगी।
गणतंत्र दिवस पर विभिन्न विभाग अपनी उपलब्धियों को प्रदर्शित करते हुए झांकियां निकालेंगे। इनमें नगर निगम चास, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, मत्स्य विभाग, सहकारिता/आपूर्ति विभाग, गव्य एवं पशुपालन, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, कृषि विभाग/जिला अग्रणी बैंक/नाबार्ड, परिवहन विभाग, भूमि संरक्षण सर्वेक्षण विभाग, शिक्षा विभाग, खेल-कूद एवं पर्यटन विभाग, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, अग्निशमन विभाग, पुलिस विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, जेएसएलपीएस और डीएमएफटी-खनन विभाग शामिल हैं।
मुख्य समारोह स्थल की सफाई, घास काटना, गमला और सौंदर्यीकरण, शहीद स्मारक की रंगाई, पंडाल और बैठने की व्यवस्था, झंडा-झंडोतोलन और पब्लिक संबोधन प्रणाली की तैयारियों की जिम्मेदारी विभिन्न पदाधिकारियों को सौंपी गई है। इन कार्यों का समय पर निरीक्षण प्रभारी प्रवर और नजारत उप समाहर्ता करेंगे।
आगामी 18 जनवरी 2026 को सुबह 7.30 बजे मुख्य समारोह स्थल पर परेड का पूर्वाभ्यास किया जाएगा। इसमें जैप, जिला सशस्त्र बल, सीआरपीएफ, सीआइएसएफ, गृह रक्षा वाहिनी और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के प्लाटून शामिल होंगे। 24 जनवरी को DC और पुलिस अधीक्षक संयुक्त रूप से परेड का निरीक्षण करेंगे।
मुख्य समारोह में मेधावी छात्रों, खेल-कूद, सांस्कृतिक और कला क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारियों और कर्मियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। बैठक में नगर सजावट, मुख्य अतिथि के स्वागत, आमंत्रण कार्ड वितरण और विधि व्यवस्था पर भी चर्चा की गई। DC ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को राज्य सरकार के आने वाले दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सड़क सुरक्षा को लेकर DC ने कहा कि सड़क नियम जीवन रक्षक हैं, इन्हें अपनाएं और सुरक्षित घर जाएं। तेज न चलें क्योंकि परिवार आपका इंतजार कर रहा है।


