Ranchi : राज्य के सभी मेडिकल कालेजों और जिला सदर अस्पतालों में अब टेली ICU की स्थापना की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने इस संबंध में सभी जिलों के सिविल सर्जन, सदर अस्पतालों के पदाधिकारियों और चिकित्सकों के साथ वर्चुअल बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि इसके लिए आवश्यक उपकरणों और मानव संसाधन की तुरंत व्यवस्था की जाए।
फिलहाल पांच जिलों में सेवा शुरू
अजय कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल राज्य के गुमला, सिमडेगा, चतरा और रांची के सदर अस्पताल पहले से ही टेली ICU से जुड़े हुए हैं। इन अस्पतालों का मेंटोर राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) है। RIMS के सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर टेली ICU और AI तकनीक के माध्यम से गंभीर मरीजों की निगरानी कर उन्हें परामर्श दे रहे हैं।
सभी जिलों में जल्द लागू होगी टेली ICU
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि यह सेवा जल्द ही राज्य के सभी जिलों में लागू की जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि मरीजों को इलाज के लिए बाहर जाने की जरूरत न पड़े और वे स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह प्राप्त कर सकें। विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) द्वारा भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त नियुक्तियां भी की जाएंगी। पैरामेडिकल स्टाफ की कमी को आउटसोर्सिंग के जरिए पूरा करने का निर्देश दिया गया।
मेडिकल उपकरणों और अस्पताल रखरखाव पर ध्यान
बैठक में मेडिकल उपकरणों की खरीद पर विशेष जोर दिया गया। जिन अस्पतालों में उपकरणों की खरीद लंबित है, उनकी सख्त निगरानी की जाएगी और जरूरत पड़ने पर राज्य स्तर से उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही एसएनए स्पर्श और मुख्यमंत्री अस्पताल रखरखाव योजना की भी समीक्षा की गई। अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने जिलों से अद्यतन जानकारी ली। अधिसंख्य जिलों द्वारा 90 प्रतिशत से अधिक राशि खर्च किए जाने पर संतोष जताया गया और शेष राशि को शीघ्र खर्च करने के निर्देश दिए गए।
Also Read : गैस सिलेंडर वितरण में KYC को लेकर उपभोक्ताओं ने जताया विरोध

