Jamshedpur : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया। काबली कब्रिस्तान के पास झाड़ियों से घिरे सुनसान इलाके में एक किशोरी का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। मृतका की पहचान बिष्टुपुर गुरुद्वारा बस्ती निवासी 17 वर्षीय शिवानी कुमारी के रूप में की गई है। सूचना मिलने पर जुगसलाई थाना के सब-इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे घटनास्थल की वीडियोग्राफी कराई। इसके बाद शव को पेड़ से नीचे उतारकर पंचनामा तैयार किया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।
परिजनों से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि शिवानी मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि वह घर से निकलकर जुगसलाई के इस सुनसान इलाके तक कैसे पहुंची और किन परिस्थितियों में यह घटना हुई। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
Also Read : पतरातू सुपर थर्मल पावर की दूसरी यूनिट सिंक्रोनाइज, बढ़ेगी बिजली उत्पादन क्षमता

