Jamtara : जामताड़ा जिले के नाला डिग्री कॉलेज में पढ़ने वाले यूजी सेमेस्टर टू के छात्रों ने परीक्षा केंद्र को फतेहपुर डिग्री कॉलेज स्थानांतरित किए जाने का जोरदार विरोध किया है। इस फैसले से कुल 561 परीक्षार्थी प्रभावित हुए हैं। छात्रों का कहना है कि वर्षों से उनकी परीक्षा नाला डिग्री कॉलेज में ही होती रही है, ऐसे में अचानक केंद्र बदलना उनके साथ अन्याय है।
एडमिट कार्ड मिलने पर हुआ खुलासा
परीक्षार्थियों ने बताया कि 9 फरवरी से परीक्षा शुरू होनी है, लेकिन परीक्षा केंद्र बदलने की जानकारी उन्हें एडमिट कार्ड वितरण के समय मिली। बिना किसी पूर्व सूचना के लिए गए इस फैसले से छात्र-छात्राएं हैरान और परेशान हैं।
70 किलोमीटर दूर है नया परीक्षा केंद्र
छात्रों के मुताबिक, नाला प्रखंड के सुदूरवर्ती इलाकों से फतेहपुर डिग्री कॉलेज की दूरी करीब 70 किलोमीटर है। दोनों प्रखंडों के बीच किसी भी तरह की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था नहीं है। ऐसे में खासकर गरीब तबके के विद्यार्थी और छात्राओं के लिए परीक्षा केंद्र तक पहुंचना बेहद मुश्किल हो जाएगा।
विश्वविद्यालय के फैसले पर उठे सवाल
छात्रों ने सिद्धू कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब दुमका स्थित एएन कॉलेज का परीक्षा केंद्र पहले की तरह रखा गया है, तो फिर नाला डिग्री कॉलेज का केंद्र क्यों बदला गया। छात्रों ने चेतावनी दी है कि अगर यह फैसला वापस नहीं लिया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
प्राचार्य ने भी छात्रों का किया समर्थन
नाला डिग्री कॉलेज के प्राचार्य गुनमय दास ने भी परीक्षार्थियों की मांग का समर्थन किया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 से नाला डिग्री कॉलेज को ही परीक्षा केंद्र बनाया जाता रहा है, जिससे क्षेत्र के गरीब छात्रों को बड़ी सुविधा मिलती थी।
प्राचार्य ने आशंका जताई कि परीक्षा केंद्र बदलने से गरीब वर्ग, एससी-एसटी समुदाय और छात्राओं को सबसे ज्यादा परेशानी होगी और कई छात्र परीक्षा से वंचित भी रह सकते हैं। उन्होंने सिद्धू कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के कुलपति से परीक्षा केंद्र को नाला डिग्री कॉलेज में ही यथावत रखने की मांग की है।
Also Read : जामताड़ा नगर पंचायत चुनाव : बबीता झा ने लिया नाम वापस, पार्टी का निर्देश सर्वोपरि

