Ranchi : आगामी होली के त्यौहार को देखते हुए रांची रेलवे स्टेशन के आसपास स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा टीम ने मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। इस जांच का मकसद त्योहार के समय यात्रियों और आम जनता को सुरक्षित और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराना था।
कौन-कौन सी दुकानें जांच में रहीं शामिल
निरीक्षण के दौरान कुलदीप होटल, होटल एम्बेसडर, होटल कृष्ण, लवली डेयरी, अन्नपूर्णा भोजनालय, आर.के. भोजनालय, होटल मानसरोवर, होटल मां डेयरी, तंदूर फूड वैन, एम्बसी फूड प्लाजा, सन्नी रेस्टोरेंट, शिवम खाजा भंडार, कुशवाहा खाजा भंडार, पंजाबी बार एंड रेस्टोरेंट और खालसा रेसिडेंसी की जांच की गई।

कमियों पर कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा संबंधी कमियां पाई गईं। इन दुकानों को Food Safety and Standards (Licensing and Registration of Food Businesses) Regulation, 2011 एवं Food Safety and Standards Act, 2006 की धारा-32 के तहत सुधारात्मक नोटिस जारी किया गया। वहीं, कुल 9 प्रतिष्ठानों पर Food Safety and Standards Act, 2006 की धारा-69 के तहत जुर्माना लगाया गया।
दुकानदारों को दिए निर्देश
निरीक्षण दल ने सभी प्रतिष्ठान संचालकों को निर्देश दिया कि वे:
- स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करें
- खाद्य सामग्री का सुरक्षित भंडारण करें
- कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता सुनिश्चित करें
- और लाइसेंस संबंधी सभी प्रावधानों का पालन करें
साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि सुधार नहीं हुआ, तो विधि-सम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने कहा है कि त्योहारों पर भी यात्रियों और आम जनता के स्वास्थ्य के साथ समझौता नहीं किया जाएगा। खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन के लिए इस तरह की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।
Also Read : झारखंड सरकार और पंजाब नैशनल बैंक ने किया एमओयू, कर्मचारियों के वेतन खाते में सुविधा बढ़ी


