Jamtara : जामताड़ा जिले में मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गोविंदपुर-साहिबगंज स्टेट हाईवे पर बिंदापाथर थाना क्षेत्र के चापुड़िया उच्च विद्यालय के पास तेज रफ्तार मिनी ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और स्कूल की चारदीवारी से जा टकराया। घटना के वक्त स्कूल में पढ़ाई चल रही थी। अचानक जोरदार आवाज सुनते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। छात्र-छात्राएं और शिक्षक घबराकर बाहर निकल आए। कुछ देर के लिए पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मिनी ट्रक काफी तेज गति से जामताड़ा की ओर जा रहा था। स्कूल के पास पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते ट्रक सीधे स्कूल की चारदीवारी से जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि दीवार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर ट्रक कुछ फीट और आगे बढ़ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था, क्योंकि उस समय बच्चे स्कूल परिसर में मौजूद थे। हादसे में ट्रक चालक को हल्की चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और चालक को बाहर निकालकर पास के क्लिनिक में इलाज के लिए भेजा।
स्कूल में मचा डर का माहौल
घटना के बाद स्कूल के बच्चों में काफी डर देखने को मिला। कई बच्चे घबराकर रोने लगे। शिक्षकों ने बच्चों को शांत कराया और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। हादसे के बाद कुछ देर तक स्कूल परिसर में पढ़ाई भी प्रभावित रही। घटना की सूचना मिलते ही बिंदापाथर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मिनी ट्रक को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
Also Read : कोल्हान यूनिवर्सिटी मोड़ पर दो ट्रकों की जोरदार भिड़ंत, चालक की हालत गंभीर


