Koderma : कोडरमा जिले के सदर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा कोडरमा-जयनगर मुख्य मार्ग पर पथलडीहा के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। प्राप्त जानकारी के अनुसार महेश दास अपने मित्र शमसुल अंसारी के साथ जयनगर के तेतरौन से कार द्वारा कोडरमा आ रहे थे। कार जैसे ही पथलडीहा के पास पहुंची, चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज गति से चल रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। हादसे के दौरान कार के एयरबैग समय पर खुल गए, जिससे चालक और आगे की सीट पर बैठे एक अन्य यात्री की जान बच गई। हालांकि उन्हें भी चोटें आई हैं, लेकिन उनकी स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर बताई जा रही है।
पीछे बैठे यात्री के दोनों पैर गंभीर रूप से घायल
दुर्घटना में कार की पिछली सीट पर बैठे शमसुल अंसारी को सबसे अधिक चोटें आईं। उनके दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इसके अलावा चालक महेश दास और बाजो राम भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर कोडरमा थाना भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन की तेज रफ्तार और चालक द्वारा नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।
Also Read : घर के पास हत्या कर श’व को जंगल में फेंका, एक्सीडेंट दिखाने की थी कोशिश, तीन गिरफ्तार

