Ranchi : महाशिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर रांची के पहाड़ी मंदिर से रविवार दोपहर तीन बजे भव्य शिव बारात निकाली जाएगी। श्री शिव बारात आयोजन महासमिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दीप प्रज्वलित कर करेंगे। इस मौके पर सुबोधकांत सहाय, विधायक सीपी सिंह, कुणाल अजमानी, राजेश साहू और बादल सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।
कर्पूरगौरं स्वरूप में नजर आएंगे भोलेनाथ
आयोजन समिति के प्रवक्ता बादल सिंह ने बताया कि इस वर्ष भगवान शिव “कर्पूरगौरं करुणावतारं” स्वरूप में भूत-प्रेतों की टोली के साथ बारात में नजर आएंगे। 51 माताएं दूल्हे के रूप में सजे भोलेनाथ का परछन करेंगी और दिव्य आरती उतारेंगी। शिव बारात में राम-लक्ष्मण-सीता, राधा-कृष्ण और मां दुर्गा की आकर्षक झांकियां होंगी। भूत-प्रेतों की टोली तांडव नृत्य करते हुए बारात की शोभा बढ़ाएगी।
इन रास्तों से गुजरेगी शिव बारात
बारात पहाड़ी मंदिर मुख्य द्वार से निकलकर शनि मंदिर (अपर बाजार), शहीद चौक, फिरायालाल चौक, गांधी चौक, महावीर चौक और रातू रोड होते हुए पिस्का मोड़ स्थित विश्वनाथ मंदिर पहुंचेगी। वहां सनातन विधि-विधान से भगवान शिव का विवाह संपन्न होगा।
इको-फ्रेंडली होगी इस बार की बारात
आयोजन समिति के अनुसार इस बार शिव बारात पूरी तरह इको-फ्रेंडली होगी। देशभर से कलाकार इसमें भाग लेंगे। शिव तांडव, 21 बालिकाओं द्वारा काली तांडव, अघोरियों का तांडव नृत्य, भजन संध्या, छऊ नृत्य, डीजे और झारखंड की प्रसिद्ध ताशा पार्टी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होंगे।
20 से अधिक सजे-धजे वाहन होंगे शामिल
बारात में पांच रथ घोड़ा सारथियों के साथ चलेंगे और 20 से 21 वाहन फूलों से सजाए जाएंगे। आयोजन महासमिति की ओर से ‘हर घर शिव’ कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है।
सुरेश्वर महादेव मंदिर में हल्दी और मेहंदी की रस्म
सुरेश्वर महादेव मंदिर में शुक्रवार को पारंपरिक रीति-रिवाज से बाबा भोलेनाथ को हल्दी चढ़ाई गई। बड़ी संख्या में महिलाओं ने मंगल गीत गाए और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की। बाबा का भव्य श्रृंगार और विधिवत आरती की गई। शनिवार को मेहंदी की रस्म अदा की जाएगी। 15 फरवरी को शिव बारात चुटिया स्थित श्री राम मंदिर पहुंचेगी, जहां रात्रि में शुभ विवाह का आयोजन होगा।
अन्य प्रमुख कार्यक्रम
महाशिवरात्रि के अवसर पर शहर में कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। केतारी बगान स्थित सुरेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का मेहंदी कार्यक्रम अपराह्न 3 बजे आयोजित होगा। वहीं मातृ-पितृ पूजन दिवस के मौके पर शाम 5 बजे सुविचार वाहन यात्रा निकाली जाएगी। इसी समय श्री श्याम मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन होगा, जबकि पुंदाग स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में भंडारा सह पूजा कार्यक्रम संपन्न होगा। महाशिवरात्रि के अवसर पर पूरा शहर भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आएगा।
Also Read : मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने दी सेवा और संघर्ष की सीख, इरबा में छात्रों को किया प्रेरित

