Ramgadh : रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां 20 वर्षीय युवक मुकेश कुमार महतो का शव संदिग्ध परिस्थितियों में जंगल में पेड़ से लटका हुआ पाया गया। घटना छोटकी डूंडी पहाड़ स्थित जंगल की है। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण जंगल की ओर गए, तो उन्होंने नीम के पेड़ से आर्थिंग तार के सहारे लटका हुआ शव देखा, जिसके बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, बेडवा निवासी मुकेश कुमार महतो मंगलवार को अपने घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसे काफी तलाश किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। बताया जा रहा है कि घर से निकलने से पहले मुकेश का अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिससे नाराज होकर वह घर से चला गया था।
शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद कुजू पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस मामले के हर संभावित पहलू की गहनता से जांच कर रही है।
Also Read : रांची एयरपोर्ट के बाहर अब नहीं लगेगी गाड़ियों की भीड़, हिनू से हेथु चौक तक नो पार्किंग जोन घोषित


