Ranchi : झारखंड विधानसभा में छात्रों की छात्रवृत्ति का मुद्दा जोर-शोर से उठा। डुमरी से विधायक जयराम महतो ने सदन में खड़े होकर छात्रों की परेशानी को सामने रखा। उन्होंने सरकार से सीधा सवाल किया कि आखिर पोस्ट-मैट्रिक के हजारों छात्रों को अब तक छात्रवृत्ति की राशि क्यों नहीं मिल पाई है? उन्होंने कहा कि छात्र पढ़ाई कर रहे हैं, कॉलेज की फीस देनी है, हॉस्टल का खर्च है, लेकिन छात्रवृत्ति नहीं मिलने से उन्हें काफी दिक्कत हो रही है।
मंत्री ने दिया जवाब, केंद्र का किया जिक्र
सवाल के जवाब में संबंधित मंत्री ने कहा कि मामला सिर्फ राज्य सरकार के स्तर का नहीं है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार से मिलने वाली राशि और कुछ तकनीकी नियमों की वजह से भुगतान अटका हुआ है। मंत्री ने यह भी साफ किया कि कक्षा 1 से 8वीं तक के बच्चों की छात्रवृत्ति में कोई दिक्कत नहीं है। उन्हें समय पर पैसा दिया जा रहा है।
मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रों की असली परेशानी
मंत्री ने माना कि असली समस्या मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक यानी उच्च शिक्षा के छात्रों के साथ है। उन्होंने कहा कि इस योजना में केंद्र और राज्य दोनों का हिस्सा होता है। जब तक केंद्र सरकार अपना हिस्सा जारी नहीं करती, तब तक राज्य सरकार भी नियमों के मुताबिक भुगतान नहीं कर सकती।
Also Read : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहुंचीं रांची एयरपोर्ट, राज्यपाल और सीएम ने किया स्वागत


